एक्सप्रेस-वे पर सुरक्षा मानक पूरे कराने को बने हाईपावर कमेटी
Lucknow News - -सपा के शाह आलम ने उठाई सभी एक्सप्रेस-वे के सुरक्षा ऑडिट की मांग

लखनऊ, विशेष संवाददाता। पूर्वांचल सहित प्रदेश में बन रहे एक्सप्रेस-वे में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की गई है। इसी कारण से एक्सप्रेस-वे पर रोज हादसे हो रहे हैं। इसे दूर करने के लिए सरकार को एक हाईपावर कमेटी का गठन करना चाहिए। यह मांग शुक्रवार को विधान परिषद में सपा के सदस्य शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने उठाई। भोजवनाकाश के बाद राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान उन्होंने यह मामला उठाया। वहीं सत्ता पक्ष के सदस्यों ने अभिभाषण को यूपी की बॉटमनेक से ब्रेक थ्रू स्टेट बनने की यात्रा का दर्शन कराने वाला बताया। कई मौकों पर पक्ष और विपक्ष के बीच तकरार भी हुई।
शाह आलम ने धन्यवाद प्रस्ताव का विरोध करते हुए कहा कि सरकार नौ लाख करोड़ से अधिक का बजट लाई है लेकिन वास्तविक खर्च पांच लाख करोड़ के आसपास का ही है। उन्होंने कहा कि एक्सप्रेस-वे सबकी सुरक्षा और विकास से जुड़ा बड़ा विषय है, मगर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे में गुणवत्ता से समझौता किया गया है। सरकार से मांग की कि हाई पावर कमेटी बनाकर सुरक्षा मानक सुनिश्चित करने और सभी एक्सप्रेस-वे का सुरक्षा ऑडिट कराने की मांग की। मथुरा में मंदिर बनकर रहेगा, विपक्ष भी साथ आए: सुभाष धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन करते हुए भाजपा के विजय बहादुर पाठक ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज है। दूसरे राज्यों में भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की चर्चा होती है। उन्होंने कहा कि विपक्ष कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाता है, मगर जनता असलियत जानती है। भाजपा के सुभाष यदुवंश ने कहा कि विपक्ष लोकतंत्र और संविधान विरोधी है। राज्यपाल जब प्रदेश की विकास यात्रा को बता रही थीं तो विपक्ष ने उसे बाधित किया। कहा कि यह मातृ शक्ति का सम्मान नहीं करते। उन्होंने कहा कि मथुरा में भव्य कृष्ण मंदिर बनकर रहेगा। विपक्षी सदस्यों भी इस मुद्दे पर हमारे साथ आएं, मगर हम जानते हैं कि भाईजान इसकी इजाजत नहीं देंगे। भाजपा के जसवंत सैनी ने कहा कि प्रदेश में कानून का राज है। महिलाएं बेरोकटोक कहीं भी आ-जा सकती हैं। कुंवर महाराज सिंह ने कहा कि हमारी सरकार ने सांस्कृतिक विरासतों के संरक्षण का काम किया है। भाजपा के श्रीचंद्र शर्मा ने माध्यमिक व बेसिक शिक्षकों व कर्मियों को कैशलेस इलाज की सुविधा देने के लिए सरकार का आभार जताया। रामचंद्र प्रधान ने कहा कि भाजपा सरकार सबका साथ-सबका विकास के मंत्र पर आगे बढ़ रही है। भाजपा के डा. मानवेंद्र प्रताप सिंह गुरुजी व अशोक अग्रवाल ने भी राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव का समर्थन किया। यह मौजूदा सरकार का विदाई बजट: चौधरी सपा के राजेंद्र चौधरी ने कहा कि सरकार का आचरण अहंकारी और लोकतंत्र विरोधी है। उन्होंने कहा कि यह सरकार का अंतिम और विदाई बजट है। जीरो टॉलरेंस के नाम पर रोज एनकाउंटर हो रहे हैं। घुटनों में गोली मारी जा रही है। यह बुल्डोजर और एनकाउंटर वाली सरकार है। चौधरी ने कहा कि जो 1977 में हुआ, वही 2027 में भी होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार अखिलेश यादव के मुख्यमंत्री काल की योजनाओं पर अपनी मुहर लगाने में लगी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


