
दुनिया के 15 देशों में मनाया उत्तर प्रदेश का स्थापना दिवस
Lucknow News - उत्तर प्रदेश दिवस 2026 का तीन दिवसीय समारोह शुरू हो गया है, जिसमें प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रस्तुत किया गया। 24 जनवरी को 15 देशों में कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें भारतीय प्रवासी समुदाय ने भाग लिया। विभिन्न जिलों में स्थानीय संस्कृति और विकासात्मक उपलब्धियों का उत्सव मनाया गया।
उत्तर प्रदेश दिवस 2026 के तीन दिवसीय समारोह की शुरुआत के साथ ही प्रदेश की सांस्कृतिक चेतना ने भौगोलिक सीमाओं से आगे बढ़कर राष्ट्रीय और वैश्विक मंच पर अपनी सशक्त पहचान दर्ज कराई। उद्घाटन दिवस पर उत्तर प्रदेश दिवस का उत्सव न केवल प्रदेश के कोने-कोने में, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों और दुनिया के अनेक देशों में भी आयोजित किया गया। पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि 24 जनवरी को उत्तर प्रदेश दिवस का उत्सव अंतरराष्ट्रीय मंच पर भी व्यापक रूप से मनाया गया। मालदीव, जर्मनी, दक्षिण अफ्रीका, रूस, मंगोलिया, सिंगापुर, श्रीलंका और म्यांमार सहित लगभग 15 देशों में आयोजित कार्यक्रमों में उत्तर प्रदेश से जुड़े प्रवासी समुदाय एवं स्थानीय नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रदर्शनियों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों, फिल्म प्रदर्शन और संवादात्मक कार्यक्रमों के माध्यम से उत्तर प्रदेश की ऐतिहासिक विरासत, कलात्मक परंपराओं और विकसित होती पहचान को प्रस्तुत किया गया। जिससे विदेशों में बसे भारतीय समुदायों में गर्व और आत्मीयता की भावना और प्रबल हुई। पर्यटन मंत्री ने जानकारी दी कि दूतावास स्तर पर आयोजित कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और क्यूरेटेड प्रेज़ेंटेशन शामिल रहे। रूस स्थित भारतीय दूतावास में उत्तर प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को केंद्र में रखते हुए विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। वहीं, बर्लिन स्थित भारतीय दूतावास एवं टैगोर सेंटर में प्रदेश की समृद्ध परंपराओं, प्रमुख पर्यटन स्थलों और जीवंत कला रूपों को प्रस्तुत करते हुए उत्तर प्रदेश को परंपरा और प्रगति के संगम के रूप में प्रदर्शित किया गया। मंगोलिया, सिंगापुर, म्यांमार, श्रीलंका, सेंट डेनिस, कांगो डीआर और जाफना से भी इसी प्रकार के आयोजनों की जानकारी आधिकारिक मिशन संचार माध्यमों के माध्यम से प्राप्त हुई। पहले दिन 30 जनपदों में मना उत्सव प्रदेश भर में पहले ही दिन उत्तर प्रदेश दिवस का उत्सव जनपदों में व्यापक रूप से मनाया गया। सिद्धार्थनगर, भदोही, हाथरस, एटा, सोनभद्र, चंदौली, कन्नौज, औरैया, बहराइच, संभल, श्रावस्ती, कानपुर, कुशीनगर, बिजनौर, इटावा, चित्रकूट, गाजीपुर, गोंडा सहित लगभग 30 जिलों में कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन आयोजनों में स्थानीय संस्कृति, लोक परंपराएं, सामाजिक पहलें और विकासात्मक उपलब्धियों को केंद्र में रखा गया, जबकि आगामी दो दिनों में और भी कार्यक्रम आयोजित किए जाने हैं। यूपी की विविधता को विश्व पटल पर पहुंचाया- अमृत अभिजात अपर मुख्य सचिव पर्यटन, संस्कृति एवं धर्मार्थ कार्य अमृत अभिजात ने बताया कि राज्य नेतृत्व की दूरदर्शी परिकल्पना को साकार करते हुए उत्तर प्रदेश दिवस ने इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सशक्त पहचान बनाई है। भारतीय मिशनों और दूतावासों की सक्रिय सहभागिता से आयोजित कार्यक्रमों ने न केवल प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक दर्शकों से जोड़ा, बल्कि शिल्प, व्यंजन और पर्यटन संभावनाओं के माध्यम से उत्तर प्रदेश की विविधता को विश्व पटल पर प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




