यूपी सर्वाधिक नियुक्ति पत्र देने वाला राज्य: योगी

Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यूपी सरकार ने 9 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दी है। भर्ती प्रक्रिया में न सिफारिश और न ही भ्रष्टाचार है, सिर्फ योग्यता का सम्मान किया गया है। उन्होंने 481 चयनितों को नियुक्तिपत्र वितरित करते हुए कहा कि अब योग्य अभ्यर्थियों के लिए अवसर हैं।

यूपी सर्वाधिक नियुक्ति पत्र देने वाला राज्य: योगी

-मुख्यमंत्री बोले भर्ती में न सिफारिश, न भ्रष्टाचार, सिर्फ योग्यता का सम्मान -सीएम ने बांटे आयुष, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास व दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के 481 चयनितों को नियुक्तिपत्र

लखनऊ, विशेष संवाददाता।

Voice of UP

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मिशन रोजगार के तहत प्रदेश सरकार लगातार नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम आयोजित कर रही है। अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है। उन्होंने कहा कि यूपी आज सर्वाधिक नियुक्ति पत्र बांटने वाला प्रदेश बन गया है। पूरी प्रक्रिया में किसी को कहीं भी सिफारिश कराने की नौबत नहीं आई। परीक्षा में सिफारिश न भ्रष्टाचार सिर्फ योग्यता को सम्मान दिया है। परीक्षा के बाद भी किसी स्तर पर सिफारिश या अनैतिक साधनों का उपयोग करने की कोई गुंजाइश नहीं थी।

नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम

उन्होंने ये बातें गुरुवार को लोक भवन में आयुष, व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास तथा दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग के लिए लोक सेवा आयोग से चयनित 481 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए कहीं। उन्होंने कहा कि सरकार की साफ नीयत और स्पष्ट नीति का परिणाम है कि आज आपको नियुक्ति पत्र प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि पहले भर्तियां पैसों, जाति, मत, मजहब और क्षेत्र देखकर होती थीं। जिससे योग्य नौजवानों का शोषण होता था लेकिन अब उत्तर प्रदेश में योग्यता ही चयन का आधार बनी है। किसी योग्य अभ्यर्थी की जगह घूसखोर व्यक्ति व्यवस्था में आ जाता, तो वह अगले 30-35 वर्षों तक पूरे सिस्टम को घुन की तरह खोखला करता। इसलिए सरकार ने पहले दिन से ही भर्ती प्रक्रिया में भ्रष्टाचार और लीकेज की संभावनाओं को समाप्त करने का संकल्प लिया।

भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में सरकार ने नियुक्ति पत्र वितरण के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। कोई सोच भी नहीं सकता था कि यूपी के नौजवानों को निष्पक्ष, पारदर्शी व सहज प्रक्रिया से सरकारी नौकरियां मिल पाएंगी। हमने अलग-अलग आयोगों व बोर्डों को जवाबदेही सौंपी और तकनीक का उपयोग कर हर योग्य नौजवान के साथ न्याय सुनिश्चित किया। इसी का परिणाम है कि हमने 9 लाख से अधिक नौजवानों को सरकारी नियुक्ति पत्र उपलब्ध कराए हैं। पिछले 15 दिनों के अंदर यह हमारा चौथा नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम है।

उत्तर प्रदेश का विकास

मुख्यमंत्री ने कहा कि याद कीजिए 2017 से पहले का उत्तर प्रदेश। देश-दुनिया में लोग यूपी का नाम सुनते ही शक की निगाह से देखते थे, 10 कदम पीछे हट जाते थे। उत्तर प्रदेश को भ्रष्ट, गुंडा और अराजक प्रदेश बनाकर हर यूपीवासी के सामने पहचान का संकट खड़ा कर दिया था। लेकिन, मुझे बेहद प्रसन्नता है कि अब आप कहीं भी जाएं, यूपी का नाम सुनते ही सामने वाले का चेहरा चमक उठता है, वह स्वागत के लिए उत्सुक दिखाई देता है। यह है परसेप्शन का बदलाव और परिणाम भी उसी के अनुरूप हैं। उन्होंने कहा कि हमने उत्तर प्रदेश की प्रति व्यक्ति आय, वार्षिक बजट व समग्र अर्थव्यवस्था को तीन गुना करने में सफलता प्राप्त की है।

एमएसएमई क्षेत्र में रोजगार

मुख्यमंत्री ने कहा कि 2017 से पहले एमएसएमई क्षेत्र लगभग बंद पड़ा था, कोई प्रोत्साहन नहीं था। आज देश में सबसे अधिक सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम (एमएसएमई) उत्तर प्रदेश में हैं। 96 लाख एमएसएमई इकाइयों में 3 करोड़ से अधिक लोग रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। गत वर्ष यूपी में 4000 से अधिक बड़े उद्योग आए और पिछले 9 वर्षों में बड़े उद्योगों की संख्या 14,000 से बढ़कर 32,000 से अधिक हो गई है। जिस यूपी को पहले देश के बॉटम-3 राज्यों में गिना जाता था, आज टॉप-3 राज्यों में शामिल है।

आयुष स्वास्थ्य पर्यटन

मुख्यमंत्री ने कहा कि आयुष हेल्थ टूरिज्म को आकर्षित करने की सबसे बड़ी क्षमता रखता है। इसके माध्यम से चमत्कार लाए जा सकते हैं। आज 202 प्राध्यापक, चिकित्सा अधिकारी और स्टाफ नर्स नियुक्ति पत्र प्राप्त कर रहे हैं। मुझे विश्वास है कि आप सब आयुष विभाग को और गति देंगे। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक शिक्षा और कौशल विकास विभाग बड़ा और महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म है। उद्योगों को मांग के अनुरूप स्किल्ड मैनपॉवर उपलब्ध कराना व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग तथा इसके अनुदेशकों की जिम्मेदारी है। आज नियुक्त होने वाले 272 ट्रेंड अनुदेशक इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों की प्रतिभा को सही प्लेटफॉर्म देने का काम दिव्यांगजन सशक्तीकरण विभाग ने किया है।

इस अवसर पर व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास, आयुष और दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के स्वतंत्र प्रभार राज्यमंत्री क्रमश: कपिल देव अग्रवाल, डा. दयाशंकर मिश्र दयालु व नरेंद्र कश्यप, तीनों विभागों के प्रमुख सचिव राजेश कुमार सिंह, रंजन कुमार व डा. हरिओम सहित अन्य मौजूद रहे।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

मुख्यमंत्री ने कितने युवाओं को सरकारी नौकरी देने की बात कही?
मुख्यमंत्री ने कहा कि अब तक 9 लाख से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी जा चुकी है।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।