महेंद्रनाथ पांडेय कराएंगे यूपी में भाजपा के संगठनात्मक चुनाव

Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

Lucknow News - भाजपा ने यूपी में नए चुनाव अधिकारियों की नियुक्ति की है। पूर्व केंद्रीय मंत्री डा. महेंद्रनाथ पांडेय को प्रदेश का चुनाव अधिकारी बनाया गया है। छह सह चुनाव अधिकारियों की टीम में सभी संगठनात्मक क्षेत्रों...

महेंद्रनाथ पांडेय कराएंगे यूपी में भाजपा के संगठनात्मक चुनाव

-छह सह चुनाव अधिकारी भी बनाए गए, हर संगठनात्मक क्षेत्र को प्रतिनिधित्व -चुनाव अधिकारियों की टीम घोषित करने में रखा सामाजिक समीकरणों का ध्यान

-नवंबर में शुरू होगी संगठनात्मक मंडलों और फिर जिलों की चुनाव प्रक्रिया

Voice of UP

लखनऊ। विशेष संवाददाता

प्रदेश भाजपा और जिलों में नये अध्यक्षों के चुनाव की प्रक्रिया तेज हो गई है। भाजपा ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के. लक्ष्मण के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद अब यूपी में भी प्रदेश चुनाव अधिकारी नियुक्त हो गए हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री और प्रदेश अध्यक्ष रह चुके डा. महेंद्रनाथ पांडेय को प्रदेश का चुनाव अधिकारी बनाया गया है। उनके साथ छह सह चुनाव अधिकारी भी नियुक्त किए गए हैं। इसमें सभी छह संगठनात्मक क्षेत्रों से एक-एक नाम को शामिल किया गया है। चुनाव अधिकारियों की टीम घोषित करने में सामाजिक समीकरणों का भी ध्यान रखा गया है।

भाजपा के सदस्यता अभियान के साथ ही अब संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया भी तेज हो चली है। प्रदेश संगठन द्वारा सुझाए गए नामों में से राष्ट्रीय चुनाव अधिकारी के. लक्ष्मण ने शनिवार को प्रदेश के चुनाव अधिकारी और सह चुनाव अधिकारियों की सूची जारी कर दी। प्रदेश में संगठनात्मक चुनाव कराने का जिम्मा पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डा. महेंद्रनाथ पांडेय को सौंपा गया है। उनके साथ पश्चिम के क्षेत्रीय महामंत्री हरीश कुमार सिंह, बृज क्षेत्र से मैनपुरी के जिला प्रभारी अनिल चौधरी, कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र से फतेहपुर की जिला प्रभारी रंजना उपाध्याय, अवध के पूर्व क्षेत्रीय अध्यक्ष मुकुट बिहारी वर्मा, काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष कमलेश कुमार और गोरक्ष क्षेत्र से प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेंद्र तिवारी को सह चुनाव अधिकारी बनाया गया है।

दिसंबर तक होगा जिला संगठन में बदलाव

16 से 30 अक्तूबर के बीच भाजपा का सक्रिय सदस्यता अभियान चल रहा है। इसके खत्म होते ही संगठनात्मक चुनाव प्रक्रिया आरंभ हो जाएगी। इसके तहत पहले मंडल, जिला और फिर प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव होगा। उसके बाद नये राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव किया जाएगा। माना जा रहा है कि नवंबर-दिसंबर में मंडल और जिलों की चुनाव प्रक्रिया खत्म होने के बाद जनवरी में नये प्रदेश अध्यक्ष का चुनाव हो सकता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।