उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा में किसी भी कीमत पर न हो गड़बड़ी : मुख्य सचिव
Lucknow News - - 14 व 15 मार्च को होने वाली परीक्षा की तैयारियां तेज - सोशल

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता यूपी पुलिस में उप निरीक्षक व समकक्ष पदों पर भर्ती के लिए 14 व 15 मार्च को आयोजित होने वाली परीक्षा की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को मुख्य सचिव एसपी गोयल ने बैठक की। उन्होंने कहा कि परीक्षा में किसी एक भी स्थान पर गड़बड़ी न हो, क्योंकि एक स्थान पर भी हुई त्रुटि पूरी परीक्षा तंत्र को प्रभावित करता है। परीक्षा से पहले तैयारियों को लेकर रियल टाइम रिहर्सल किया जाए। मुख्य सचिव ने वीडियो कांफ्रेंसिंग से सभी डीएम व वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कहा कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शुचिता के साथ संपन्न कराई जाए।
परीक्षा से पहले ड्यूटी पर लगे अधिकारियों व कर्मचारियों को बेहतर ढंग से प्रशिक्षण दिया जाए, जिससे त्रुटि की संभावना न रहे। कोषागार में प्रश्नपत्र सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में रखे जाएं। परीक्षा केंद्रों तक परीक्षा सामग्री पहुंचाने के लिए सबसे सुरक्षित व न्यूनतम दूरी वाले मार्ग का चयन करते हुए विस्तृत रूट मैप तैयार किया जाएगा। महिला व पुरुष पुलिस कर्मियों की पर्याप्त संख्या में ड्यूटी लगाई जाए। परीक्षा अवधि में संबंधित क्षेत्र के थानाध्यक्ष, तहसीलदार, सीओ व एसडीएम लगातार केंद्रों का निरीक्षण करें। अभ्यर्थियों के आवागमन को लेकर रेल एवं बस की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सोशल मीडिया पर पेपर को लेकर अफवाह फैलाने वालों पर नजर रखी जाए। ऐसा करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाए। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने कहा कि भर्ती बोर्ड की ओर से जारी एसओपी का कड़ाई से पालन कराया जाए। ट्रैफिक की व्यवस्था भी दुरुस्त रखी जाए। -- होटल वाले न वसूल पाएं मनमाना धन भर्ती परीक्षा देने के लिए दूसरे शहरों में आ रहे अभ्यर्थियों से होटल मालिक निर्धारित रकम से अधिक न वसूल सकें। सभी जिलों में इसकी निगरानी व शिकायत मिलने पर कार्रवाई किए जाने की व्यवस्था की जाएगी। -- 4543 पदों पर भर्ती को 15.75 लाख अभ्यर्थी पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अध्यक्ष एसबी शिरडकर ने कहा कि 4543 पदों पर भर्ती की परीक्षा में 15.75 लाख अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर तीन बजे से शाम पांच बजे तक होगी। परीक्षा के लिए 1090 केंद्र बनाए गए हैं।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


