ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊप्रदेश का मान बढ़ा रही हस्तियों का सम्मान

प्रदेश का मान बढ़ा रही हस्तियों का सम्मान

यूपी दिवस आज

प्रदेश का मान बढ़ा रही हस्तियों का सम्मान
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊWed, 23 Jan 2019 08:09 PM
ऐप पर पढ़ें

यूपी दिवस आज

प्रदेश का मान बढ़ा रही हस्तियों का सम्मान

-पूर्वसंध्या पर प्रदेश की 22 विभूतियों को किया गया सम्मानित

लखनऊ। वरिष्ठ संवाददाता

संगीत, कला, चिकित्सा, साहित्य, विज्ञान, खेल, पत्रकारिता, राजनीति, प्रशासनिक सेवा...शायद ही कोई क्षेत्र बचा हो जहां उत्तर प्रदेश ने अपनी उपस्थिति दर्ज नहीं कराई। देश की राजनीति में सबसे मजबूत दखल रखने वाला, सिनेमा की रीढ़, साहित्य, संस्कृति, आध्यात्म का सिरमौर कहा जाने वाला यह प्रदेश गुरुवार को अपनी स्थापना के 69 वर्ष पूरे कर रहा है।

स्थापना दिवस की पूर्वसंध्या के अवसर पर, बुधवार को ‘रंगभारती व ‘उत्तर प्रदेश नागरिक परिषद की ओर से लखनऊ विवि के मालवीय सभागार में समारोह आयोजित किया गया। समारोह की अध्यक्षता उच्च न्यायालय के न्यायाधीश आलोक माथुर ने और मुख्य अतिथि कैबिनेट मंत्री बृजेश पाठक थे। अतिथियों का स्वागत ‘रंगभारती व ‘उत्तर प्रदेश नागरिक परिषद के अध्यक्ष श्याम कुमार ने किया। इस विशेष स्थापना दिवस समारोह में उत्तर प्रदेश से नाता रखने वाली उन 22 हस्तियों को सम्मानित किया गया तो राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का मान बढ़ा रही हैं।

विभूतियां, जो बढ़ा रहीं प्रदेश का मान-

उत्तम चंद्र चटर्जी

उत्तम चंद्र ने संगीत की शिक्षा सुप्रसिद्ध संगीतकार एच वसंत से प्राप्त की और प्रमुख रूप से मेंडोलिन पर महारथ हासिल की। उन्होंने ‘रंगभारती के मंच पर प्रख्यात गायिका मुबारक बेगम, गजल गायक जगजीत सिंह जैसी हस्तियों के साथ प्रस्तुतियां दी हैं। संगीत निर्देशक के रूप में पहली रिकॉर्डिंग पार्श्व गायिका कविता कृष्ण मूर्ति के साथ की और उसके बाद हरिहरन, सुरेश वाडकर, रूप कुमार राठौर, कुमार शानू, अभिजीत, एसपी बाल सुब्रमण्यम, भूपेंद्र, अहमद हुसैन, मुहम्मद हुसैन, घनश्याम वासवानी, साधना सरगम, आशा भोंसले जैसे दिग्गजों के साथ भी काम किया।

रंजीत सिंह व टीम

गोमती नदी की स्वच्छता के लिए अपनी टीम के साथ मिलकर जागरूकता अभियान चलाने वाले रंजीत सिंह ‘स्वच्छ पर्यावरण आंदोलन सेना के संयोजक हैं। उनकी प्रेरणा से लगभग 400 नागरिक भी इस अभियान में शामिल हुए हैं। उनकी टीम में विष्णु कुमार तिवारी, कृपाशंकर वर्मा, प्रदीप मौर्य, राजेश जोशी, राजीव तिवारी, भुवन पांडेय, उदय सिंह, रत्नेश सिंह, शशांक सिंह आदि शामिल हैं।

प्रज्ञेश कुमार सिंह

फिल्म-कला के क्षेत्र में योगदान दे रहे प्रज्ञेश कुमार सिंह ने छोटी उम्र में ही गीत, गजल व स्क्रिप्ट लेखन शुरू कर दिया और फिल्मों के निर्माता-निर्देशक के रूप में पहचान बनाई। सामाजिक मुद्दों पर प्रज्ञेश ने 20 से ज्यादा फिल्मों के निर्माण किया है। उनकी शॉर्ट फिल्म ‘छोटी सी गुजारिश को 14 राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त हुए हैं। फिल्म ‘पीढ़ियों के बदलते स्वरूप में मां-बाप की मजबूरियां विषय पर आधारित थी।

विष्णुकांत मिश्र

शारीरिक अक्षमता को अपनी ताकत बनाकर समाज के लिए काम कर रहे विष्णुकांत मिश्र को यहां ‘धर्मकिशोर रंगभारती सम्मान से सम्मानित किया गया। 45 वर्षों से विष्णुकांत समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय हैं और दिव्यांगों के लिए विशेष रूप से कार्य कर रहे हैं। भारत के पूर्व राष्ट्रपति ज्ञानी जैल सिंह ने उन्हें ‘विकलांग भूषण सम्मान से सम्मानित भी किया था। डॉ. कल्बे सादिक ने उन्हें ‘मनकुंतो मौला सम्मान से विभूषित किया है।

भूपेश लिटिल

छायांकन-कला के लिए मशहूर कलाकार भूपेश लिटिल को ‘नंदलाल बोस रंगभारती सम्मान से सम्मानित किया गया। भूपेश 24 वर्षों तक लखनऊ विश्वविद्यालय के आर्ट्स कॉलेज में अध्यापक रहे। इसके बाद फिजी एक राष्ट्रीय विश्वविद्यालय में ‘क्रिएटिव आर्ट विभाग के हेड रहे। राष्ट्रीय स्तर पर कई सम्मान व उपलब्धियां इनके नाम हैं।

किशोर चतुर्वेदी

भातखंडे संगीत संस्थान सम विश्वविद्यालय से शास्त्रीय संगीत की शिक्षा लेने वाले किशोर ने ठुमरी गायन में डिप्लोमा भी किया है। गजल, भजन व लोकगीत विधाओं में इनका विशिष्ट स्थान है। मुंबई की प्रसिद्ध पार्श्व गायिका हेमलता ने किशोर के साथ मिलकर ‘भजन धारा कैसेट निकाले जो खासे लोकप्रिय हुए। किशोर ने फिल्म जगत के मशहूर गायकों मुबारक बेगम, गुलाम अली, अनूप जलोटा व हरिहरन के साथ कार्यक्रम प्रस्तुत किए हैं।

ये प्रतिभाएं भी हुईं सम्मानित

आसिफ जमां रिजवी- ‘प्रतिभा भूषण रंगभारती सम्मान

डॉ. शिवशंकर त्रिपाठी- ‘प्रतिभाभूषण रंगभारती सम्मान

कृष्ण सेठ- ‘प्रतिभाभूषण रंगभारती सम्मान

राज बिसारिया- ‘भरतमुनि रंगभारती सम्मान

डॉ. सुनील प्रधान- ‘धनवंतरि रंगभारती सम्मान

प्रो. श्रुति सुडोलीकर काटकर- ‘बड़े गुलाम अली खां रंगभारती सम्मान

प्रेम बिहारी वर्मा- ‘डॉ. धर्मवीर भारती रंगभारती सम्मान

न्यायमूर्ति सुधीर कुमार सकसेना- ‘न्यायमूर्ति कमलाकांत वर्मा रंगभारती सम्मान

रुकइया परवीन- ‘अनारकली देवी रंगभारती सम्मान

शकील अहमद खान- ‘ध्यानचंद रंगभारती सम्मान

प्रशांत कुमार मिश्र- ‘डॉ. जनार्दन दत्त शुक्ल रंगभारती सम्मान

श्रीविलास मणि त्रिपाठी- ‘विश्वनाथ लहरी रंगभारती सम्मान

रंजना दीवान- ‘जगजीत सिंह रंगभारती सम्मान

डॉ. श्यामलेश तिवारी- ‘कालिदास रंगभारती सम्मान

इस्मा जहीर- ‘दारा शिकोह रंगभारती सम्मान

प्रेमचंद होम्बल- ‘उदयशंकर रंगभारती सम्मान

सुशील सोलोमन- ‘डॉ. सम्पूर्णानंद रंगभारती सम्मान

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें