Lucknow News: सफाईकर्मियों के सम्मान में बोले डिप्टी सीएम, बोले- आपके बिना जीवन हो जाएगा नर्क
Lucknow News: उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने सफाईकर्मियों को समाज का प्रहरी बताया और उनके परिश्रम के लिए आभार व्यक्त किया। उन्होंने सामुदायिक शौचालयों की व्यवस्था की महत्ता भी बताई। साथ ही, संत रविदास के विचारों के अंतर्गत सरकार द्वारा 80 करोड़ लोगों को खाद्यान्न उपलब्ध कराने का उल्लेख किया। डिप्टी सीएम ने मांग पत्र पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।

Lucknow News: उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि सफाईकर्मी समाज के ऐसे प्रहरी हैं, जिनकी मेहनत से शहर और गांव स्वच्छ बने रहते हैं। यदि सफाईकर्मी अपना दायित्व न निभाएं तो आमजन का जीवन गंदगी के बीच दुश्वार हो जाएगा। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति सफाईकर्मियों की सेवा, समर्पण और परिश्रम के सामने वह नतमस्तक हैं। रवींद्रालय सभागार में सफाई कर्मचारी दिवस के अवसर पर जनकल्याण केयर टेकर एसोसिएशन, उत्तर प्रदेश द्वारा आयोजित सामुदायिक शौचालय (ग्रामीण) केयर टेकर महासम्मेलन को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम ने स्वच्छ प्रदेश और स्वस्थ प्रदेश के निर्माण में लगे सभी सफाईकर्मियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि गांवों में संचालित सामुदायिक शौचालयों की व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में केयर टेकरों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है。
संत रविदास के सपनों को मोदी सरकार ने दिया आकार
ब्रजेश पाठक ने कहा कि संत शिरोमणि रविदास ने ऐसे समाज की कल्पना की थी, जहां कोई भूखा न रहे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस विचार को धरातल पर उतारते हुए 80 करोड़ लोगों को निःशुल्क खाद्यान्न उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने संत रविदास और बाबा साहब डॉ. भीमराव आंबेडकर जैसे महापुरुषों के सम्मान को नई ऊंचाई दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्ववर्ती सरकारों ने संत रविदास और बाबा साहब के नामों को पीछे करने का प्रयास किया, जबकि वर्तमान सरकार ने उनके सम्मान और विचारों को आगे बढ़ाने का कार्य किया है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब के दिखाए मार्ग पर चलकर सरकार सामाजिक न्याय और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मांगों पर जल्द मिलेगी अच्छी खबर
कार्यक्रम के दौरान संगठन की ओर से डिप्टी सीएम को मांग पत्र सौंपा गया। इसमें नियमित भुगतान, वेतन सीधे बैंक खातों में भेजने और वेतनमान बढ़ाने की प्रमुख मांगें शामिल थीं। ब्रजेश पाठक ने आश्वासन दिया कि वह स्वयं संबंधित विभागों से बात करेंगे और इन मांगों के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करेंगे। उन्होंने कहा कि जल्द ही संगठन को अच्छी खबर मिलने का प्रयास किया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में केयर टेकर और सफाईकर्मी उपस्थित रहे।


