
रैंप पर दिखा ‘जर्मन शेफर्ड’ का जलवा और ‘स्कॉटिश फोल्ड’ ने जीता दिल
Lucknow News - फोटो भी रैंप पर इठलाती गुजरी सजी धजी बिल्ली स्काटिश फोल्ड - अवध पेटफूड
नवाबों के शहर लखनऊ में पालतू पशुओं के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और जागरूकता का एक अनूठा संगम देखने को मिला। अवध पेटफूड सेलर्स एंड ब्रीडर्स ट्रेड बोर्ड द्वारा आयोजित दो दिवसीय ‘मेगा पेट कार्निवल’ में जब दुनिया की सबसे ताकतवर मानी जाने वाले श्वान ‘कंगल’ और ‘अलाबाई’ जैसी नस्लों ने कदम रखे, तो दर्शक दंग रह गए। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच बरेली के जर्मन शेफर्ड ने प्रथम पुरस्कार जीतकर अपनी बुद्धिमानी का लोहा मनवाया। वहीं बिल्लियों में ‘स्कॉटिश फोल्ड’, परशियन ने दर्शकों का दिल जीत लिया। लॉमार्टियर के फुटबॉल ग्राउंड में अयोजित कार्निवल ‘कैट शो’ के साथ हुआ। वेटनरी विशेषज्ञ डा. एसए खान के निर्देशन में आयोजित इस शो में शहर के विभिन्न हिस्सों से आईं 100 से अधिक बिल्लियों ने अपनी चंचलता और खूबसूरती बिखेरी।
इनमें परशियन बिल्लियों का रॉयल लुक, स्कॉटिश फोल्ड के मुड़े हुए कान, सियामीज़ का सामाजिक व्यवहार और बंगाल नस्ल के शरीर पर दिखने वाले तेंदुए जैसे निशानों ने दर्शकों को अपनी ओर आकर्षित किया। प्रतियोगिता में कड़ी टक्कर के बाद ‘स्कॉटिश फोल्ड’लूना को प्रथम पुरस्कार से नवाजा गया। रैंप पर दिखा अलाबाई और कंगल का जलवा कार्निवल का दूसरा दिन पूरी तरह से श्वानों के नाम रहा। डॉग शो में 40 से अधिक अलग-अलग नस्लों के 250 से अधिक कुत्तों ने हिस्सा लिया। इसमें सेंट्रल एशियन शेफर्ड और तुर्की की ताकतवर नस्ल कंगल को देखकर लोग दंग रह गए। वहीं, भारतीय शिकारी नस्ल रामपुर हाउंड ने अपनी गति और गरिमा से प्रभावित किया। घने बालों वाले चाऊ चाऊ, नीली आंखों वाले साइबेरियन हस्की, फुर्तीले विपीट, निडर मिन पिन और बर्फीले इलाकों के राजा अलास्कन मेलामूट ने रैंप वॉक कर माहौल को यादगार बना दिया। चश्मों में सजे डॉग्स ने किया कदमताल शाम को आयोजित ‘डॉग फैशन शो’ ने उत्सव का रोमांच चरम पर पहुंचा दिया। रंग-बिरंगे परिधानों और चश्मों में सजे डॉग्स ने जब अपने ‘पेट पेरेंट्स’ के साथ कदमताल की, तो उनकी वफादारी और बुद्धिमानी देख पूरा पंडाल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। -------------- पुरस्कारों की बौछार और विशेषज्ञ निर्णय प्रतियोगिता के परिणामों में बरेली निवासी लव मिश्रा के जर्मन शेफर्ड डॉग टॉयसन ने प्रथम स्थान प्राप्त कर बाजी मारी। हरदोई के शिखर सिन्हा के ल्हासा एप्सो को दूसरा और लखनऊ के मोहित के टॉय पोम को तीसरा स्थान मिला। फैशन शो में आईएएस अमृत अभिजात के गोल्डन रिट्राइवर और गोमतीनगर के हॉब्स शिह त्ज़ू ने अपनी अदाओं से शमां बांध दिया। दिल्ली से आए लाल चंद और अलीगढ़ के संदीप ने जज की भूमिका निभाते हुए पशुओं की फिटनेस और नस्ल की शुद्धता को परखा। -------------- मनोरंजन के साथ जागरूकता का संदेश कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर पशु कल्याण अधिकारी डॉ. अभिनव वर्मा और उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के अध्यक्ष संजय गुप्ता ने दीप प्रज्वलित कर आयोजन की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में बेजुबानों के प्रति सहानुभूति पैदा करने के लिए आवश्यक हैं। आयोजन स्थल पर ‘रेबीज जागरूकता’ और ‘पेट अवेयरनेस’ अभियान भी चलाया गया, जिसमें पशुओं के सही पोषण और समय पर टीकाकरण के प्रति लोगों को शिक्षित किया गया। -------------- पशुओं व इंसानों के बीच के दिखा अटूट रिश्ता बोर्ड के सचिव नितिन राठौर और अध्यक्ष नीरज मूलचंद ने सफल आयोजन के लिए सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल एक शो नहीं, बल्कि पशुओं और इंसानों के बीच के अटूट रिश्ते का उत्सव था। इस मौके पर उपाध्यक्ष चन्दन शर्मा और कोषाध्यक्ष मैडी सहित बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे, जिन्होंने पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और मनोरंजन के इस अद्भुत तालमेल का भरपूर आनंद लिया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




