शादी में बिन बुलाए दावत उड़ाने वालों को टोका तो हुआ बवाल, तोड़ दीं कुर्सियां, घरवालों पर किया पथराव

Feb 09, 2026 02:19 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

Lucknow News - शनिवार रात वृंदावन कॉलोनी के नगर निगम पार्क में आयोजित शादी के रिसेप्शन में बिन बुलाए लोग पहुंच गए। घर वालों ने टोका तो हंगामा शुरू हो गया। लड़कों ने गालीगलौज की, कुर्सियां तोड़ीं और पथराव किया। पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।

शादी में बिन बुलाए दावत उड़ाने वालों को टोका तो हुआ बवाल, तोड़ दीं कुर्सियां, घरवालों पर किया पथराव

बिन बुलाए दावत उड़ाने पहुंचे लोगों ने शनिवार रात वृंदावन कॉलोनी नगर निगम पार्क में आयोजित शादी के रिसेप्शन (प्रीत भोज) में जमकर हंगामा किया। घर वालों ने टोका तो गालीगलौज और मारपीट की। कुर्सियां तोड़ डालीं। पथराव किया। इसमें कई लोग जख्मी हो गए। करीब दो घंटे तक बवाल चलता रहा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने कई को हिरासत में लेकर शांतिभंग की आशंका में चालान कर दिया।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

रायबरेली रोड रथीनंद्र नगर निवासी अभिषेक के परिवारीजनों द्वारा वृंदावन सेक्टर पांच स्थित नगर निगम पार्क में शनिवार रात रिसेप्शन पार्टी का आयोजन किया गया था। रिसेप्शन पार्टी के दौरान पड़ोस स्थित झुग्गी बस्ती में रहने वाले कई लड़के बिन बुलाए दावत उड़ाने पहुंच गए। लड़के पंडाल में घूम-घूमकर स्टार्टर से लेकर खाना खा रहे थे। लड़कों को अंजान देखकर अभिषेक के घरवालों ने रिसेप्शन पार्टी में अंजान लोगों को देखकर उन्हें टोका । अभिषेक के मुताबिक इस पर अंजान लड़कों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध पर धक्का मुक्की करने लगे। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना देने के लिए फोन निकाला तो झपट्टा मार कर फोन गिरा दिया। इस बीच एक युवक ने फोन कर अपने कुछ अन्य लोगों को बुला लिया।

वह सब आस पड़ोस की झुग्गी बस्ती के रहने वाले थे। वह पंडाल में पहुंचते ही हंगामा और कुर्सियां पटकने लगे। हमला बोल दिया। घरावलों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटने लगे। इस बीच हमलावरों ने पथराव शुरू कर दिया। पंडाल में भगदड़ मच गई। बच्चे और महिलाए दहशत में थे। उन्हें किसी तरह सुरक्षित कर दूसरे स्थानों पर पहुंचाया गया। पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस पहुंची। पुलिस को देखकर हमलावर भागे। पुलिस ने दौड़ा-दौड़ाकर लोगों को पकड़ना शुरू किया। उन्हें गाड़ी में बैठाकर थाने ले गए। इंस्पेक्टर पीजीआई धीरेंद्र सिंह ने बताया कि बिन बुलाए झुग्गी बस्ती से पहुंचे कुछ लोगों ने खाने को लेकर विवाद हुआ था।

एक आरोपी अंकित को पकड़कर शांति भंग में उसका चालान किया गया है। अन्य की तलाश की जा रही है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल रविवार को पंडाल में हुए विवाद का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। हिन्दुस्तान वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। इंस्पेक्टर ने बताया कि वीडियो से अन्य को चिंह्नित किया जा रहा है। उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।