बेकाबू ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो मजदूरों की मौत
सरोजनीनगर में एक वर्कशॉप के पास बेकाबू ट्रक की टक्कर से दो मजदूरों की मौत हो गई और एक अन्य घायल हो गया। दुर्घटना शुक्रवार शाम को हुई जब वे एक बाइक पर थे। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

सरोजनीनगर इलाके में स्थित एक वर्कशॉप के पास शुक्रवार शाम को बेकाबू ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि तीसरा साथी घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इंस्पेक्टर सरोजनीनगर राजदेव राम प्रजापति ने बताया कि घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कृष्णानगर के अलीनगर सुनहरा निवासी संजय (45), वीरेंद्र (44) और नारायण पुरी निवासी कमल (45) शुक्रवार शाम करीब 7 बजे मजदूरी करके एक ही बाइक से सरोजनीनगर के बेहटवा गांव की तरफ से गिंदनखेड़ा की ओर आ रहे थे।
तभी रास्ते में सरोजनी के नादरगंज-अमौसी रेलवे स्टेशन रोड पर एक वर्कशाप के पास पीछे से तेज रफ्तार बेकाबू ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। जिससे तीनों बाइक समेत सड़क पर जा गिरे। हादसे में संजय और कमल की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि वीरेंद्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला। स्थानीय लोगों ने 108 एंबुलेंस और डॉयल-112 पर सूचना दी। एंबुलेंस से घायल वीरेंद्र को लोक बंधु अस्पताल पहुंचाया गया। बताया जा रहा है कि मृतक संजय के परिवार में पत्नी देशवती, बेटा सूरज, अंकित और सौरभ हैं। वहीं, कमल और वीरेन्द्र के परिवार में भी उनकी पत्नी और तीन- तीन बेटे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां सड़क के किनारे दोनों तरफ ज्यादातर बड़े वाहन खड़े रहते हैं। जिससे रास्ता संकरा हो जाता है। इसके अलावा एलडीए द्वारा सड़क चौड़ीकरण के लिए दोनों तरफ नाला बनाया जा रहा है। एलडीए विभाग की लापरवाही से नाला की खुदाई कर उसकी मिट्टी दोनों तरफ रोड पर डाल दी गई है। जिसकी वजह से रास्ता संकरा हो गया है, जिससे वाहनों को निकलने में दिक्कत होती है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


