ट्रक की चेसिस में बनी कैविटी से 3.7 कुंतल गांजा पकड़ा, चार गिरफ्तार
Lucknow News - एसटीएफ ने गोमतीनगर विस्तार में ट्रक से 3.70 कुंतल गांजा बरामद किया। गिरफ्तार चार आरोपियों ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लाते थे और इसे ट्रक की चेसिस में छिपाकर लाते थे। गांजे की कीमत 92.50 लाख रुपये है। एसटीएफ ने ट्रक और स्कार्पियो कार भी जब्त की है।

ट्रक की चेसिस के बीच बनी गुप्त कैविटी में छिपाकर 3.70 कुंतल गांजा लेकर जा रहे ट्रक को एसटीएफ ने गोमतीनगर विस्तार स्थित शालीमार बंधे से पकड़ा है। इसके साथ चार लोगों को गिरफ्तार कर तस्करी में इस्तेमाल स्कार्पियो कार तथा ट्रक कब्जे में लिया है। गांजे की कीमत 92.50 लाख बताई जा रही है। गोमतीनगर विस्तार थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। एसटीएफ को सूचना मिली थी कि उड़ीसा से गांजे की एक बड़ी खेप सुलतानपुर होते हुए गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में पहुंचने वाली है। गांजा एक ट्रक में रखा गया है और काले रंग की बिना नंबर वाली कार उसके आगे चल रही है।
यह भी सूचना मिली थी कि शहीद पथ के पास शालीमार बंधे पर तस्कर एकत्रित होंगे और गांजे का बंटवारा होगा। रात करीब ट्रक के पहुंचने पर एसटीएफ ने उसकी तलाशी शुरू की। शुक्रवार रात करीब 8:30 बजे बंधा रोड से गुजर रहे ट्रक को रोका गया और तलाशी ली गई तो चेचिस में बनी गुप्त कैविटी से 92.50 लाख रुपये का 3.70 कुंतल गांजा बरामद हुआ है। पूछताछ में ट्रक के चालक कुलदीप यादव ने एसटीएफ को बताया कि जीतू श्रीवास्तव के कहने पर वह उड़ीसा के मलखनगिरी से गांजा लाता है। लखनऊ की सीमा में प्रवेश करने पर जीतू श्रीवास्तव और उसके गिरोह के लोग ट्रक के आगे अपनी स्कार्पियो लगा देते हैं। जिससे किसी को संदेह न हो और माल अपनी जगह पहुंच सके। इसके बाद तस्कार गांजे के बटवारें के लिए तय स्थान पर ले जाते थे। चालक ने बताया कि गांजा लाने के लिए वह बिना बॉडी वाले ट्रेलर का प्रयोग करते हैं। उसकी चेसिस के ऊपर प्लेटफार्म में गुप्त कैविटी बनी होती है। उसमें से 8 कुतंल तक माल रखा जा सकता है। चालक ने बताया कि उड़ीसा में गांजा लोड करने के बाद सभी फोन बंद कर लेते हैं और इंटरनेट के माध्यम से संपर्क करते हैं। आरोपी जीतू ने बताया कि वह इंटरनेट कॉल ही करता है। उड़ीसा से करीब बीस बार गांजा लेकर शहर आया है। वह मयंक श्रीवासत्व उर्फ सूरज, रमन, पारितोष त्रिपाठी और जसवंत उर्फ डोरेमॉन संग मिलकर गांजे की तस्करी करता है। गिरोह लखनऊ, बाराबंकी, गोंडा, बहराइच समेत अन्य जिलों में सक्रिय है। एसटीएफ ने बाराबंकी निवासी मयंक जासवाल उर्फ सूरज, मड़ियांव निवासी जीत श्रीवास्तव उर्फ दद्दा, इंदिरानगर निवासी पारितोष त्रिपाठी और बिहार के नालन्दा निवासी कुलदीप यादव को गिरफ्तार कर लिया है। इनके कब्जे से गांजा के अलावा एक ट्रक, 5 मोबाइल फोन,1 जियो को डोंगल, 1 स्कार्पियो और 9300 रुपये बरामद किए हैं। ट्रक से दो किलोमीटर दूर चलती थी स्कार्पियो पकड़े गए आरोपियों ने बताया कि वह अपनी बिना नंबर की स्कार्पियो ट्रक से करीब दो किलोमीटर आगे चलाते थे। जिससे की वह रास्ते में देखते रहते थे कि पुलिस चेकिंग तो नहीं कर रही है। चेकिंग होने की स्थिति में वह चालक को फोन कर ट्रक सुनसान जगह पर खड़ा करा देते थे। चेकिंग खत्म होने के बाद ट्रक चलता था।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




