टायर फटने से खंबे से टकराया डंपर, लगी भीषण आग, झुलस गया ड्राइवर
Lucknow News - कानपुर रोड स्थित बंथरा में शुक्रवार रात एक डंपर टायर फटने के बाद एलिवेटेड रोड के पिलर से टकरा गया। इससे डंपर का फ्यूल टैंक फट गया और आग लग गई। चालक महेश झुलस गया, जबकि परिचालक अनूप को मामूली चोट आई। दमकल ने आग बुझाने में एक घंटे का समय लिया।

कानपुर रोड स्थित बंथरा में शुक्रवार देर रात मौरंग लदा डंपर टायर फटने के बाद एलिवेटेड रोड के पिलर नंबर 122 से टकरा गया। इससे डंपर का फ्यूल टैंक फट गया और उसमें आग लग गई। चपेट में आने से चालक झुलस गया। पुलिस और दमकल ने किसी तरह उसे बाहर निकाला। घटना में डंपर पूरी तरह जल गया।
पुलिस ने बताया कि उन्नाव के सोहरामऊ गांव निवासी महेश मौरंग लेकर कानपुर से लखनऊ की तरफ आ रहे थे। साथ में उन्नाव के मिर्जापुर निवासी परिचालक अनूप भी था। बंथरा पहुंचने पर हादसा हुआ। सूचना पर पहुंची दमकल और पुलिस टीम ने चालक और परिचालक को निकाला।
चालक को इलाज के लिए सरोजनी नगर स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया है। परिचालक मामूली चोटिल है। दो दमकल गाड़ियों ने एक घंटे की मशक्कत से आग पर काबू पाया। इस दौरान यातायात व्यवस्था भी बाधित हो गई। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात सुचारु कराया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


