Lucknow News: रोडवेज के बस मैकेनिकों को मिलना था 11, 629 रुपये, मिल रहा 8400
Lucknow News: परिवहन निगम पर आउटसोर्स कर्मियों को शासन द्वारा तय नई दरों के बजाय पुराना 8,400 रुपये मासिक पारिश्रमिक देने का आरोप है। मई 2026 में अकुशल और कुशल कर्मियों की दरें क्रमशः 11,629 और 16,868 रुपये निर्धारित की गई थीं। रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने प्रबंध निदेशक से बकाया सहित संशोधित भुगतान की मांग की है। निगम प्रशासन ने कहा कि मामला संज्ञान में है, लेकिन अंतिम निर्णय नहीं हुआ।

Lucknow News: परिवहन निगम मुख्यालय से आउटसोर्स (बाह्यस्रोत) कर्मियों के पारिश्रमिक भुगतान में बड़ी लापरवाही सामने आई है। मई 2026 में शासन द्वारा बाह्यस्रोत कर्मियों की पारिश्रमिक दरों में बढ़ोतरी करते हुए अकुशल कर्मियों के लिए 11,629 रुपये और कुशल कर्मियों के लिए 16,868 रुपये तय किए गए थे। इसके बावजूद परिवहन निगम शासन के आदेशों को दरकिनार कर इन कर्मियों को पुराना पारिश्रमिक (8,400 रुपये प्रति माह) ही दे रहा है। प्रदेश भर के 20 क्षेत्रों के 120 डिपो में बसों की मरम्मत और रखरखाव के लिए आउटसोर्स कर्मियों को तैनात किया गया है। कर्मियों का कहना है कि महीने भर पूरा काम लेने के बाद भी उन्हें तय मानदेय नहीं दिया जा रहा है।
इस मुद्दे पर रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद के प्रांतीय महामंत्री ने प्रबंध निदेशक प्रभु नारायण को पत्र लिखकर कर्मियों की पीड़ा से अवगत कराया है। उन्होंने मांग की है कि शासन के नए दिशा-निर्देशों के अनुसार भुगतान किया जाए, ताकि आर्थिक तंगी झेल रहे कर्मचारियों को राहत मिले और वे बसों की मरम्मत बेहतर ढंग से कर सकें। वहीं, इस संबंध में पीआरओ अमरनाथ सहाय का कहना है कि मामला संज्ञान में है, लेकिन निगम प्रशासन की ओर से अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है।

