Lucknow News: कैंट में सड़क हादसे में युवा दुकानदार की मौत
Lucknow News: कैंट इलाके में एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से 21 वर्षीय अनुराग गुप्ता की मौत हो गई, जबकि उसके दो दोस्त जख्मी हैं। गुडंबा में रिटायर कर्मचारी रामस्वरुप की भी बाइक से टक्कर के चलते मौत हो गई। दोनों मामलों में पुलिस कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है।

Lucknow News: कैंट इलाके में पुलिस चौकी के पास बेकाबू कार की टक्कर से बाइक सवार अर्जुनगंज निवासी युवा कॉस्मेटिक दुकानदार अनुराग गुप्ता (21) की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार उसके दो दोस्त जख्मी हो गए। उन दोनों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं, गुडंबा में सब्जी खरीदने के लिए पैदल निकले निजी कंपनी से रिटायर कर्मचारी रामस्वरुप (69) की बाइक की टक्कर से मौत हो गई।
बाइक सवार का हादसा
अर्जुनगंज निवासी अनुराग बुधवार रात करीब साढ़े 12 बजे हेलमेट पहनकर दोस्त विशाल, हेमंत के साथ बाइक से सामान की डिलीवरी करने के लिए निकला था। देर रात तीनों बाइक से लौट रहे थे। तीनों रजमन बाजार पुलिस चौकी के पास पहुंचे थे। सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से तीनों दोस्त सड़क पर गिरकर जख्मी हो गए। हादसे में अनुराग की मौत हो गई, जबकि विशाल और हेमंत को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन दोनों का इलाज चल रहा है। जीजा राजेंद्र ने बताया कि अनुराग की अर्जुनगंज बाजार में दुकान थी। उसके अलावा वह सामान डिलीवरी का भी काम करता था। मृतक अनुराग के परिवार में पिता अशोक, मां पूनम, तीन बहन हैं। अनुराग तीन बहन में इकलौता भाई था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस मामले में कैंट थाना प्रभारी गुरप्रीत कौर ने बताया कि परिजनों की ओर से तहरीर मिलने के आधार पर कार्रवाई की जाएगी.
रिटायर बुजुर्ग की मौत
गुडंबा के आदिल नगर निवासी निजी कंपनी से रिटायर रामस्वरुप सब्जी खरीदने के लिए घर से पैदल निकले थे। रास्ते में चौराहे के पास एक तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में रामस्वरुप गंभीर रूप से जख्मी हो गए। बाइक चालक वहां से फरार हो गया। घटना स्थल से गुजर रहे पिता के परिचित ने बेटे राजकुमार को सूचना दी। तुरंत राजकुमार मौके पर पहुंचे। वहां से पिता को लेकर लोहिया संस्थान गए, जहां गंभीर हालत में रामस्वरुप को केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में रेफर किया गया। परिजन उन्हें ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुंचे तो डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।


