मथुरा दर्शन से लौटे परिवार पर कहर! आगरा एक्सप्रेसवे पर कंटेनर ने कार को मारी टक्कर, चालक की मौत

Mar 16, 2026 02:30 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

Lucknow News - आगरा एक्सप्रेसवे पर विपरीत दिशा से आए कंटेनर ने कार को टक्कर मार दी। हादसे में चालक की मौत हो गई, दो महिलाएं समेत तीन घायल, चालक फरार।

मथुरा दर्शन से लौटे परिवार पर कहर! आगरा एक्सप्रेसवे पर कंटेनर ने कार को मारी टक्कर, चालक की मौत

काकोरी, (लखनऊ) संवाददाता। भगवान के दर्शन कर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां रविवार रात उस वक्त मातम में बदल गईं, जब आगरा एक्सप्रेसवे पर एक बेकाबू कंटेनर ने विपरीत दिशा में आकर उनकी कार को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। काकोरी क्षेत्र के रेवरी टोल प्लाजा से महज एक किलोमीटर पहले हुए इस दर्दनाक हादसे में कार चला रहे राजेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो महिलाओं सहित तीन अन्य लोग घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो महिलाओं को इलाज के लिए ट्रॉमा सेंटर भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार सरोजनी नगर के गौरी विहार निवासी राजेन्द्र यादव (45) अपनी पत्नी सविता यादव (40), बेटे पार्थ यादव (12) और अपने दोस्त राजेश यादव व उनकी पत्नी उर्मिला यादव के साथ मथुरा दर्शन कर रविवार रात घर लौट रहे थे।

रेवरी टोल प्लाजा से करीब एक किलोमीटर पहले आगरा की ओर जा रहा एक तेज रफ्तार कंटेनर अचानक विपरीत दिशा में आ गया और सामने से आ रही कार से भीषण टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चला रहे राजेश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।हादसे में उर्मिला यादव और सविता यादव गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि राजेन्द्र यादव और उनके बेटे पार्थ को मामूली चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर पुलिस को सूचित किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया, जहां उर्मिला और सविता की हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। फिलहाल दोनों का इलाज जारी है। हादसे की खबर मिलते ही अस्पताल के बाहर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।दुर्घटना के बाद कंटेनर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में लेकर क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवा दिया और टोल प्लाजा के पास खड़ा करा दिया। इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि फरार चालक की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने आगरा एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलने वाले भारी वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।