नर्स के ऊपर पलटी मौरंग लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली, मौत
लखनऊ के दुबग्गा में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई, जिससे सड़क पार कर रही नर्स साधना (26) गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मृत्यु हो गई। पुलिस ने चालक की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
काकोरी,(लखनऊ), संवाददाता। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के दुबग्गा स्थित जॉगर्स पार्क चौराहे पर मंगलवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। तेज रफ्तार से आ रही मौरंग लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई और सड़क पार कर रही एक नर्स उसकी चपेट में आ गई। मौरंग व ट्रॉली के नीचे दबने से नर्स के दोनों पैर बुरी तरह कुचल गए और सिर में भी गंभीर चोटें आईं। फिलहाल उसे ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। आम्रपाली चौकी इंचार्ज लवकुश यादव ने बताया कि उन्नाव जिले के पनापुर कला रगरेसला गांव की रहने वाली साधना (26) दुबग्गा में किराये पर रहकर एक निजी अस्पताल में नर्स के पद पर कार्यरत है।
सुबह करीब साढ़े आठ बजे वह पैदल सड़क पार कर रही थी, तभी पीछे से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक पलट गई और वह बुरी तरह दब गई।हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। चीख-पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और राहगीर दौड़े आए और कड़ी मशक्कत के बाद नर्स को मलबे से बाहर निकाला। सूचना मिलते ही दुबग्गा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देखते हुए ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। पुलिस ने क्रेन की सहायता से पलटी ट्रॉली को सड़क से हटवाया और यातायात सामान्य कराया। हादसे के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को अपने कब्जे में लेकर चालक और वाहन मालिक की तलाश शुरू कर दी है। घायल नर्स के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी गई है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि ट्रैक्टर चालक की पहचान कर ली गई है और उसे जल्द गिरफ्तार किया जाएगा। तहरीर प्राप्त होते ही आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


