डीसीएम ने सौ मीटर तक घसीटी बाइक, युवक की मौत साथी गंभीर

Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share

Lucknow News - उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इटौंजा क्षेत्र में तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में 26 वर्षीय प्रशांत कुमार की मौत हो गई, जबकि 30 वर्षीय वीरपाल गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने फुटपाथ निर्माण और सुरक्षा उपायों की मांग की है।

डीसीएम ने सौ मीटर तक घसीटी बाइक, युवक की मौत साथी गंभीर

इटौंजा, लखनऊ, संवाददाता। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इटौंजा थाना क्षेत्र में इटौंजा कुर्सी मार्ग पर बड़ी नहर के पास तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक डीसीएम के नीचे फंस गई। बेपरवाह चालक रुका तक नहीं। बाइक को करीब सौ मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। एक परिवार का चिराग हमेशा के लिए बुझ गया। दूसरे परिवार का बेटा जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसे में शिवरी निवासी प्रशांत कुमार उम्र 26 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर उनके साथ सवार माधौपुर निवासी वीरपाल उम्र 30 वर्ष गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल वीरपाल को तत्काल लखनऊ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां उनका इलाज जारी है।जानकारी के अनुसार दोनों युवक बाराबंकी में प्रशांत के मित्र अमन के यहां शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। किसी को आशंका तक नहीं थी कि यह सफर इतना दर्दनाक मोड़ लेगा। रास्ते में इटौंजा कुर्सी मार्ग पर काल बनकर आई वह डीसीएम और सब कुछ बदल गया।टक्कर मारने के बाद डीसीएम चालक मौके से फरार हो गया। हैरानी की बात यह है कि दुर्घटना स्थल से कुछ ही दूरी पर पुलिस चौकी मौजूद थी। इसके बावजूद चालक को पकड़ा नहीं जा सका। पुलिस की इस लापरवाही पर स्थानीय लोगों में गहरा आक्रोश है। हालांकि पुलिस ने डीसीएम जब्त कर ली है। रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर फरार चालक को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।इटौंजा कुर्सी मार्ग पहले से ही दुर्घटना बाहुल्य क्षेत्र के रूप में कुख्यात है। इस मार्ग पर फुटपाथ निर्माण कार्य शुरू किया गया था। लेकिन बीच में ही रोक दिया गया। काम अधूरा पड़ा है। सड़क पर न फुटपाथ है और न पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम। न स्पीड ब्रेकर हैं और न रात में रोशनी की व्यवस्था। यही लापरवाही बार बार हादसों की वजह बन रही है। हादसे की खबर मिलते ही दोनों युवकों के परिवारों में कोहराम मच गया। प्रशांत के घर में मातम छा गया। परिजन बिलख बिलखकर रो रहे थे। वीरपाल के घर में भी सन्नाटा पसर गया। परिवार के लोग अस्पताल की ओर दौड़ पड़े। जो युवक शादी की खुशियां लेकर लौट रहा था उसकी लाश घर पहुंची। किसी ने सोचा भी नहीं था कि यह विदाई आखिरी होगी।इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने एकजुट होकर मांग उठाई है कि इटौंजा कुर्सी मार्ग पर फुटपाथ निर्माण कार्य तुरंत पूरा किया जाए। सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं। रात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाए। पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और फरार डीसीएम चालक को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जाए।

Voice of UP

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।