बंथरा बाजार में भीषण जाम से कराह उठे लोग, एंबुलेंस भी फंसी
Lucknow News - लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बंथरा बाजार में पाइपलाइन डालने के लिए सड़क खोदने के कारण रविवार को भारी जाम लग गया। जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए, जिसमें एक एंबुलेंस भी शामिल थी। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने मिलकर रास्ता खुलवाने का प्रयास किया। पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था को सामान्य करने के लिए कदम उठाए।

लखनऊ-कानपुर हाईवे के बंथरा बाजार में एक बार फिर जाम के झाम में फंसकर लोग परेशान नजर आए। वजह बंथरा बाजार में पाइप लाइन डालने के लिए सड़क खोदी गई थी। रास्ता डायवर्ट किया गया था। इससे रविवार की सुबह बंथरा बाजार में भारी जाम लग गया। आलम यह रहा कि कानपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। करीब एक किमी. लंबे इस जाम में सैकड़ों वाहन फंस गए, वहीं एक एंबुलेंस भी काफी देर तक जाम में फंसी रही। बंथरा कस्बे में रविवार और बुधवार को साप्ताहिक बाजार लगता है, जिसमें अनाज, सब्जी के साथ पशु बाजार के कारण लोगों की भीड़ उमड़ती हैं।
आसपास के जनपदों से बड़ी संख्या में व्यापारी और खरीदार यहां पहुंचते हैं। लेकिन बाजार में प्रवेश के लिए बनी संकरी सड़क से एक समय में केवल एक ही वाहन निकल सकता है। जल्दबाजी में आमने-सामने आये वाहनों के कारण जाम की स्थिति बन जाती है। रविवार सुबह करीब 11 बजे से जाम लगना शुरू हुआ, जो धीरे-धीरे विकराल रूप लेता गया। दोपहर करीब डेढ़ बजे तक जाम लखनऊ की ओर हनुमान मंदिर तक और कानपुर की ओर दादूपुर मोड़ तक पहुंच गया।पैदल चलना हुआ दूभर, दुकानदारों ने संभाला मोर्चाजाम के बीच पैदल चलना लोगों के लिए दूभर हो गया। स्थिति इतनी गंभीर हो गई कि लोग रास्ता बदलते नजर आए। जाम की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और स्थानीय पुलिस को दी गई। कुछ देर बाद दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने खुद मोर्चा संभालते हुए हाईवे का रास्ता खुलवाया। लोगों ने प्रशासन से साप्ताहिक बाजार के दौरान ट्रैफिक व्यवस्था दुरुस्त करने और पुलिस की नियमित तैनाती की गुहार लगाई है।डीसीपी ने एक्स पर दी रोक-रोककर ट्रैफिक चलने की सूचनाडीसीपी ट्रैफिक की ओर से ट्रैफिक एर्लट की सूचना एक्स पर पोस्ट की गई। पोस्ट में कहा गया कि लखनऊ-कानपुर मार्ग पर पड़ने वाले स्कूटर इंडिया चौराहे पर निर्माण कार्य चल रहा है, जिससे वाहनों को रोक-रोककर चलाया जा रहा है। यातायात पुलिस मौके पर मौजूद है और जरूरी इंतजाम कर रही है। इसके अलावा बंथरा बाजार पर पाइप लाइन बिछाने का कार्य चलने की वजह से ट्रैफिक को रोका गया था। इससे जाम की स्थिति बनी रही। ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी में रास्ता खाली कराकर यातायात सामान्य किया गया।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


