ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊभाजपा के मिशन 2019 की राह का रोड़ा बनेंगे तोगड़िया

भाजपा के मिशन 2019 की राह का रोड़ा बनेंगे तोगड़िया

विहिप के पूर्व कार्यकारी अन्तरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने घर का भेदी लंका ढाए की कहावत को चरितार्थ करते हुए भाजपा के मिशन 2019 की राह का रोड़ा बनने के लिए कमर कस ली है। अपने अधिकार...

भाजपा के मिशन 2019 की राह का रोड़ा बनेंगे तोगड़िया
कमलाकान्त सुन्दरम,अयोध्या (फैजाबाद)। Mon, 18 Jun 2018 02:30 PM
ऐप पर पढ़ें

विहिप के पूर्व कार्यकारी अन्तरराष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रवीण भाई तोगड़िया ने घर का भेदी लंका ढाए की कहावत को चरितार्थ करते हुए भाजपा के मिशन 2019 की राह का रोड़ा बनने के लिए कमर कस ली है। अपने अधिकार की जंग को लेकर उन्होंने 24 जून 2018 को नई दिल्ली में हिन्दू सम्मेलन का आयोजन किया है। इसी सम्मेलन में वह नए संगठन का ऐलान भी करेंगे। इसके बाद सीधे उनका आगमन अयोध्या होगा। 
डॉ. तोगड़िया का 25 जून को रामलला के दर्शन के बाद श्रीरामजन्मभूमि न्यास अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास के 80वें जन्मोत्सव के अवसर पर आयोजित संत सम्मेलन में भाग लेने का कार्यक्रम तय था।
डॉ. तोगड़िया के दूतों ने जानकारी दी है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कार्यक्रम 25 जून को निश्चित हो जाने के बाद वह अयोध्या 26 जून को आएंगे। 
इस बीच उनके दूत भाजपा नेतृत्व को असहज करने के लिए लगातार संतों से सम्पर्क कर इस आशय का समर्थन मांग रहे हैं कि वह राम मंदिर के लिए संसद में कानून बनाने की पहल की मांग पर ही अड़े रहें। इन दूतों का आरोप है कि विहिप के मौजूदा संगठन का पूरी तौर पर सरकारीकरण हो चुका है। यही कारण है कि संगठन अपने ही घोषित एजेण्डे से पीछे हट गया है।
इन दूतों का कहना है कि विहिप सुप्रीमो स्वर्गीय अशोक सिंहल हमेशा से कहते रहे कि राम मंदिर के विवाद का समाधान अदालत के माध्यम से नहीं हो सकता है। इसलिए वह संसद में कानून बनाकर मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करने की मांग करते रहे लेकिन उनके अवसान के बाद संगठन का स्टैंड ही बदल गया है। 
दूतों का आरोप है कि भाजपा नेतृत्व की ही तरह से विहिप नेतृत्व भी अब सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंतजार करने की बात सार्वजनिक रूप से करने लगा है। इसी मुद्दे पर डॉ. तोगड़िया विहिप के कार्यकर्ताओं को भी तोड़ने में लगे हैं। 
बताया जा रहा है कि संगठन के कई जिम्मेदार उनके सम्पर्क में है जो समय आने पर खुलकर मैदान में आएंगे।
इससे पहले मणिराम छावनी पीठाधीश्वर एवं श्रीरामजन्मभूमि न्यास अध्यक्ष महंत श्रीदास के उत्तराधिकारी एवं जन्मोत्सव कार्यक्रम के संयोजक महंत कमल नयन दास शास्त्री कहते हैं कि उन्होंने भाजपा संगठन व सरकार के सभी लोगों को अपने कार्यक्रम में आमंत्रित किया है। इसी कड़ी में डॉ. तोगड़िया को भी आमन्त्रण भेजा गया है। 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें