लखनऊ में युवक की हत्या का खुलासा, तीन गिरफ्तार, हत्या में इस्तेमाल पत्थर बरामद
Lucknow News - लखनऊ की पुलिस ने एक युवक की हत्या के मामले में तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। 25 मई को शिवम सिंह पर पत्थर से हमला किया गया था, जिससे उनकी 27 मई को मृत्यु हो गई। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है। चौथा आरोपी अभी फरार है।
लखनऊ। संवाददाता। लखनऊ की अपराध शाखा, सर्विलांस टीम (पूर्वी) और थाना विभूतिखण्ड पुलिस की संयुक्त कार्रवाई में एक युवक की हत्या के मामले का पर्दाफाश करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पत्थर भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने बताया कि 25 मई की रात गोमतीनगर स्थित लखनऊ पब्लिक स्कूल, विनम्रखंड के पास कुछ लोगों ने शिवम सिंह उर्फ शिव स्वयं सिंह (30) पर पत्थरों से बर्बरतापूर्वक हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया और आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल शिवम को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान 27 मई को उनकी मृत्यु हो गई।
मामले की गंभीरता
मृतक के भाई सौरभ सिंह की तहरीर पर थाना विभूतिखण्ड में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस की विशेष टीमों ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच तेज की। जांच में शान्तनु उर्फ अंकित रावत, हनी तिवारी उर्फ विवेक, विवेक सिंह तथा अनुज सिंह के नाम सामने आए।
गिरफ्तारी की प्रक्रिया
पुलिस ने 29 मई को शान्तनु उर्फ अंकित रावत, हनी तिवारी उर्फ विवेक और विवेक सिंह को दबोच लिया। पूछताछ के दौरान आरोपियों की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया पत्थर बरामद कर लिया गया। वहीं चौथा आरोपी अनुज सिंह अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है। इसके अलावा अन्य संभावित आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में शान्तनु उर्फ अंकित रावत और हनी तिवारी पहले से ही हत्या के प्रयास, लूट, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर आपराधिक मामलों में वांछित चल रहे हैं। पुलिस टीमें फरार आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें अलग अलग ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


