प्रॉपर्टी डीलर के बेडरूम में अलमारी का ताला तोड़कर डेढ़ करोड़ के जेवर चोरी
Lucknow News - दुबग्गा के लालनगर में सलमा खान के बेडरूम में चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर डेढ़ करोड़ रुपये के जेवर चुरा लिए। सलमा परिवार के साथ बर्थडे पार्टी में गई थीं। लौटने पर देखा कि अलमारी का लॉक टूटा था। पुलिस ने नौकर समेत तीन लोगों को हिरासत में लिया है और पूछताछ कर रही है।

दुबग्गा के लालनगर में सलमा खान के बेडरूम में रखी अलमारी का ताला तोड़कर चोर करीब डेढ़ करोड़ के जेवर पार कर ले गए। वह परिवार के साथ बर्थडे पार्टी में गए थे। दो दिन बाद देखा तो अलमारी का लाक टूटा था। पुलिस ने नौकर समेत तीन को हिरासत में ले लिया है। तीनों से पूछताछ कर रही है। लालनगर निवासी सलमा खान के अनुसार पति सय्यद अनवर इमाम प्रॉपर्टी डीलर थे। दो साल पहले सय्यद अनवर का देहान्त हो गया था। बेटे सलमा अपनी बहू जैनब के साथ रहती हैं। सलमा के मुताबिक शुक्रवार को उनके नाती अमान का जन्मदिन था।
इस पर हजरतगंज के एक होटल में पार्टी का आयोजन किया गया था। वह पार्टी में चली गई थी। लौटी और घर पर सो गई। उन्होंने बताया कि रविवार की शाम भाई इनाम खान के घर पारिवारिक कार्यक्रम में जाना था। अलमारी खोलने के लिए हत्था उसका पकड़ा तो देखा कि लॉक टूट हुआ था। यह देख वह चौक गई। अलमारी में देखा तो लॉकर भी खुला था। छानबीन की तो लाकर में रखे उनके और बहू के करीब डेढ़ करोड़ रुपये कीमत के सोने, हीरे और चांदी के गहने गायब थे। यह देख वह सन्न रह गई। उन्होंने बहू को बताया। इसके बाद नौकर अनूप को बुलाकर पूछताछ की। सलमा ने बताया कि जब वह बर्थडे पार्टी में गई थी तो घर पर सिर्फ नौकर था। सलमा ने नौकर पर ही जेवर चोरी का आरोप लगाते हुए थाने में तहरीर दी। अनूप कई साल से घर में साफ सफाई का काम कर रहा था। सलमा ने घटना की जानकारी पुलिस कंट्रोल रूम को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर तफ्तीश की। पुलिस ने अनूप और उसके दो साथियों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। इंस्पेक्टर श्रीकांत राय ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द ही घटना का राजफाश किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




