
मकान-दुकान और मंदिर में लाखों की चोरी
Lucknow News - निलमथा की दुर्गापुरी कालोनी में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर 20 लाख का माल चुरा लिया। अन्य घटनाओं में पतंजलि स्टोर और शीतला माता मंदिर में भी चोरी हुई। चोर सीसी फुटेज में कैद हो गए हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।
निलमथा की दुर्गापुरी कालोनी में निजी कंपनी कर्मी के मकान का ताला तोड़कर घुसे चोर नकदी और जेवर समेत 20 लाख का माल पार कर ले गए। पारा के कुल्हड़कट्टा में घर का ताला तोड़कर वारदात की। महानगर में पतंजलि स्टोर में सेंध लगाई। सदर में शीतला माता मंदिर में घुसे चोरों ने हनुमान जी के पैर छुए और दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी पार कर ले गए। चोर सीसी फुटेज में कैद हो गया है। निलमथा दुर्गापुरी कालोनी निवासी शरद पांडेय के पिता का निधन 14 दिसंबर को हो गया था। वह परिवार के साथ पैतृक आवास रायबरेली गए थे।
22 दिंसबर को लौटे तो घर के मुख्य गेट का ताला टूटा पड़ा देखकर अवाक रह गए। अंदर पहुंचे तो कमरे समेत अलमारियों और बक्सों के ताले टूटे थे। उन्होंने बताया कि चोर नकदी और जेवर समेत 20 लाख का माल पार कर ले गए हैं। सीसी फुटेज में चोर 21 की रात करीब डेढ़ बजे ताला तोड़ते दिखे हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। सीसी फुटेज के आधार पर चोरों की तलाश कर रही है। उधर, पारा के कुल्हड़कट्टा स्थित अवध विहार कॉलोनी में 26 दिसंबर को ऊषा देवी के घर का ताला तोड़कर 50 हजार रुपये और जेवर पार कर ले गए। घटना के समय वह परिवार के साथ शहर के बाहर थी। 28 दिसंबर को जब घर पहुंची तो उन्हें घटना की जानकारी हुई। उधर, चौक निवासी मयल अग्रवाल का बादशाहनगर में पतंजलि स्टोर है। 30 दिसंबर की रात वह दुकान बंद कर घर गए थे। अगले दिन सुबह दुकान का ताला तोड़कर घुसे चोर लाखों का माल और नकदी चोरी कर ले गए। सुबह स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे तब उन्होंने बताया कि चोर करीब सात लाख रुपये का माल पार कर ले गए। पुलिस चोरों की तलाश कर रही है। हनुमान जी के पैर छुए और दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी ले गए : सदर में स्थित शीतला माता मंदिर में शुक्रवार तड़के चोर अंदर घुसा। मंदिर में हनुमान जी की प्रतिमा के पैर छुए और दानपात्र का ताला तोड़कर नकदी लेकर फरार हो गया। चोर सीसी कैमरे में कैद हो गया। चोर पहले वहां पहुंचकर टहलता है। सिगरेट पीता है। चेहरा और सिर मफलर से लपेटे है। इधर उधर देखता है मौका पाते ही अंदर घुसा और चोरी कर फरार हो गया। फुटेज के आधार पर पुलिस चोर की तलाश कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




