ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊतहसील दिवस में युवक ने लेखपाल को पीटा

तहसील दिवस में युवक ने लेखपाल को पीटा

तहसील दिवस में युवक ने लेखपाल को पीटा

तहसील दिवस में युवक ने लेखपाल को पीटा
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊTue, 21 Aug 2018 09:42 PM
ऐप पर पढ़ें

पांचों तहसीलों में मात्र सात शिकायतों का हुआ मौके पर निस्तारण

जिम्मेदार अफसरों की व्यस्तता का खामियाजा तहसील दिवस (सम्पूर्ण समाधान) में आए फरियादियों को भुगतना पड़ा। कहीं अफसर देर से पहुंचे तो कहीं जल्दी निकल गए। पांचों तहसीलों में कुल 663 शिकायतें आईं जिनमें से सात का मौके पर निस्तारण किया गया। बीकेटी में इस दौरान एक युवक ने लेखपाल को थप्पड़ मार दिया जिसके बाद उसको गिरफ्तार कर लिया गया। इसके पूर्व 14 अगस्त को भी एक लेखपाल सम्पूर्णानन्द को कुछ लोगों ने पीटा था।

बीकेटी सम्पूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता एडीएम प्रशासन श्रीप्रकाश गुप्ता ने की। उनके साथ एसडीएम सूर्यकांत त्रिपाठी, सीओ राजकुमार शुक्ल भी मौजूद थे। इसी बीच एक युवक भानु शुक्ल लेखपाल अनुज मिश्र को ढूंढ़ते हुए आया। लेखपाल का नाम पूछने के बाद उसने थप्पड़ मार दिया। इसी बीच अन्य लेखपाल इकट्ठा हो गए और आरोपी को पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया। सीओ बीकेटी राजकुमार शुक्ल ने लेखपाल की तहरीर पर सरकारी कार्य में बाधा डालने और मारपीट की धाराओं में मुकदमा दर्ज करने के साथ भानु शुक्ल को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी का कहना था कि लेखपाल उसे मामूली से कार्य के लिए काफी समय से दौड़ा रहे थे।

सरोजनीनगर में आईं 85 शिकायतें

सरोजनीगनर में एडीएम सिविल सप्लाई चन्द्र प्रकाश की अध्यक्षता में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान पुलिस से सम्बंधित 12, राजस्व से सम्बंधित 42 और विकास सम्बंधित 18 शिकायतें आईं। एक शिकायत का भी मौके पर निस्तारण नहीं हो पाया। बंथरा इलाके के अम्बेडकर नगर- खाण्डेदेव के ग्रामीणों ने तालाब पर कब्जे की शिकायत की। उनके मुताबिक रामजियावन अपने बेटे योगेंद्र और काकोरी के सैदापुर निवासी सत्य कुमार के साथ मिलकर गांव की पुरानी आबादी में स्थित दो तालाबों पर गौतम बुद्ध एजूकेशनल ट्रस्ट के नाम पर जबरन कब्जा कर रहे हैं। आरोप लगाया कि इन लोगों ने तालाब के बगल में स्थित प्रतिमा के चारों ओर बनी दीवार का एक हिस्सा गिरा दिया है। इनकी इस शिकायत पर संबंधित राजस्व निरीक्षक को मौके पर पहुंचकर उसकी जांच के आदेश दे दिए गए हैं। वहीं जहानाबाद के क्षेत्र पंचायत सदस्य राजेंद्र प्रसाद ने शिकायत दर्ज कराई कि गांव में खड़ंजा युक्त रास्ते काफी खराब हो गए हैं। जिन्हें तत्काल सीसी रोड में परिवर्तित किया जाए।

जनपद में 663 प्रकरणों में से सात प्रकरणों का निस्तारण मौके पर किया गया

डीएम कौशल राज शर्मा ने बताया कि पांचों तहसीलों में आईं कुल शिकायतों में से सात का मौके पर निस्तारण हुआ। मलिहाबाद में 159 मे से चार प्रकरण का निस्तारण, बीकेटी में 197 में से एक और मोहनलालगंज में 204 में एक का मौके पर निस्तारण किया गया। डीएम ने बताया कि पांचों तहसीलो में कुल 101 शिकायतें पुलिस से सम्बंधित आईं। इनके अलावा राजस्व से संबंधित 259, विकास से सम्बंधित 122 शिकायतें आईं। पांच शिकायतें शिक्षा विभाग, 31 समाज कन्याण और एक चिकित्सा विभाग से सम्बंधित थी। इनके अलावा 137 अन्य प्रार्थनापत्र मिले हैं।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें