
भारत न हिन्दू राष्ट्र था, ना है और न होगा- स्वामी प्रसाद मौर्य
Lucknow News - स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि भारत न कभी हिन्दू राष्ट्र था, न अब है और न ही बनेगा। उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान को राष्ट्रद्रोह करार दिया। मौर्य ने यूपी की खराब कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए और योगी सरकार को 10 दिन का अल्टीमेटम दिया।
लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। पूर्व मंत्री एवं अपनी जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा है कि भारत न कभी हिन्दू राष्ट्र था, न ही अब है और न ही बनेगा। श्री मौर्य सोमवार को लखनऊ के गोमती नगर स्थित अपने निजी आवास पर पत्रकारों से बात कर रहे थे। उन्होंने आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान का हवाला देते हुए कहा कि आरएसएस प्रमुख भारत को हिन्दू राष्ट्र बनाने का दिवास्वप्न देख रहे हैं जो किसी भी दशा में पूरा नहीं होगा। उन्होंने कहा कि भागवत का बयान राष्ट्रद्रोह की श्रेणी में आता है लिहाजा उनके खिलाफ राष्ट्रद्रोह का मुकदमा दर्ज होना चाहिए।
एआईएमआईएम नेता असदुद्दीन ओवैसी द्वारा एक दिन हिजाब पहने महिला के भारत के प्रधानमंत्री बनने के बयान पर स्वामी प्रसाद मौर्य ने कहा कि इसमें कुछ भी गलत नहीं है। पहले भी देश में महिला राष्ट्रपति हुई हैं, वहीं मुसलमान राष्ट्रपति भी बने हैं ऐसे में हिजाब पहने महिला के राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री बनने पर किसी को क्यों हर्ज हो सकता है। स्वामी प्रसाद ने यूपी की लगातार खराब हो रही कानून-व्यवस्था का मुद्दा उठाते हुए कहा कि प्रदेश में अपराध नियंत्रण के लिए योगी सरकार को हमने 10 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। अगर तय समय में कानून-व्यवस्था नहीं सुधरी तो उनकी पार्टी सड़कों पर उतरेगी। श्री मौर्य ने मेरठ में हुए अपहरण और हत्या की घटना का उल्लेख करते हुए सरकार पर आरोप लगाया कि अगर अपराधी एससी-एसटी या अल्पसंख्यक समाज का होता तो अब तक उसके घर पर बुलडोजर चल गया होता लेकिन इस अपहरण और हत्या के आरोपी अलग वर्ग के हैं, लिहाजा वे खुलेआम घूम रहे हैं। उन्हें पुलिस का संरक्षण प्राप्त है। दूसरी तरफ अपहरण की गई पीड़ित लड़की को अभी भी पुलिस गिरफ्त में लिए हुए हैं ताकि उससे मनमाफिक बयान दिलाया जा सके।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




