विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत, दहेज हत्या का आरोप
Lucknow News - सआदतगंज में एक विवाहित महिला शरीन की संदिग्ध हालात में फांसी से मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि शादी के बाद से शरीन को दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सआदतगंज इलाके में एक विवाहिता की संदिग्ध हालात में फांसी लगाने से मौत हो गई। मायके वालों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस का कहना है कि आरोपों को लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है। सआदतगंज निवासी 24 वर्षीय शरीन की बुधवार रात संदिग्ध हालात में फांसी लगाने से मौत हो गई। मृतक के पिता शाहिद ने बतायाकि बेटी की 16 अगस्त 2019 को अल्तमस समीर से शादी हुई थी। बुधवार रात बेटी के देवर मोनू ने बताया कि शरीन ने खुदकुशी कर ली है। उनका कहना है कि शादी के बाद से ही बेटी को ससुराल वाले दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे।
उसके साथ आए दिन मारपीट व गाली गलौज किया जाता था। दामाद अक्सर फोन से उनको भी गालियां देता था। जिसको लेकर उन्होंने करीब छह माह पूर्व ठाकुरगंज थाने में शिकायत की थी। जिसमें उनपर दबाव डलवा कर सुलह करा दी गई थी। आरोपी अल्तमस ने झूठ बोल कर शादी की थी। उसने खुद को बताया था कि वह कनाडा में काम करता है, जबकि ऐसा नहीं था। उन्होंने शरीन की ससुराल वालों पर हत्या का आरोप लगाया है। इंस्पेक्टर का कहना है कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




