
एलयू हॉस्टलों की अचानक जांच, दो डे-स्कॉलर्स और पार्टी करते मिला छात्र
Lucknow News - लखनऊ विश्वविद्यालय में अनुशासन और सुरक्षा के लिए मुख्य कुलानुशासक प्रो. राकेश द्विवेदी की अगुवाई में छात्रावासों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान अनाधिकृत छात्रों को पकड़ा गया और कार्रवाई के निर्देश दिए गए। जांच का उद्देश्य सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करना है।
लखनऊ, संवाददाता। लखनऊ विश्वविद्यालय में अनुशासन और सुरक्षा के मद्देनजर बुधवार देर रात में मुख्य कुलानुशासक की अगुवाई में छात्रावासों का औचक निरीक्षण किया गया। मुख्य कुलानुशासक प्रो. राकेश द्विवेदी की अगुवाई में प्रॉक्टोरियल बोर्ड के सदस्यों ने महमूदाबाद, हबीबुल्लाह, सुभाष और एलबीएस छात्रावास का निरीक्षण किया। इस दौरान एक छात्रावास में अनाधिकृत तौर पर रह रहे दो विद्यार्थी पकड़े गए। साथ ही एक छात्र पार्टी करते हुए पकड़ा गया। प्रॉक्टोरियल बोर्ड ने अनाधिकृत तरीके से पाए गए विद्यार्थियों को तत्काल छात्रावास से बाहर कर कार्रवाई के निर्देश दिए। इनकी पहचान डे-स्कॉलर्स के तौर पर हुई। इसके अलावा जन्मदिन का जश्न मना रहे छात्र के घरवालों को सूचना दी गई।
वहीं गुरुवार को लगातार तीसरे दिन भी जांच अभियान जारी रहा। मुख्य कुलानुशासक प्रो. राकेश द्विवेदी ने प्रॉक्टोरियल टीम के साथ विश्वविद्यालय के कॉमर्स, केमिस्ट्री, मैथ्स विभाग, साइंस कैंटीन, कैशियर ऑफिस में जांच की। इस दौरान प्रॉक्टोरियल सदस्यों ने विभागों में उपस्थिति, छात्र पहचान पत्रों और प्रवेश अनुमति की जांच की। साइंस कैंटीन और कॉमर्स ब्लॉक में बिना आई-कार्ड घूम रहे कुछ छात्रों को चेतावनी दी गई, जबकि कैशियर ऑफिस और मुख्य कुलानुशासक कार्यालय के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी रखी गई। प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने बताया कि यह कार्रवाई केवल अनुशासन बनाए रखने के लिए नहीं, बल्कि विश्वविद्यालय में सुरक्षित और सकारात्मक शैक्षणिक माहौल सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की जा रही है। मुख्य कुलानुशासक का पक्ष विश्वविद्यालय परिसर में हर विभाग और कार्यालय की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता है। किसी भी अनुशासनहीनता या अवांछित गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। प्रो. राकेश द्विवेदी, मुख्य कुलानुशासक, एलयू

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




