लखनऊ में शाम ढलते ही आई आंधी-बारिश, पारा 4 डिग्री लुढ़का
Lucknow News - रविवार को लखनऊ में अचानक मौसम में बदलाव आया। तेज हवाओं के साथ काले बादल छा गए और बारिश शुरू हो गई। अधिकतम तापमान 36.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.7 डिग्री सेल्सियस रहा। मौसम विभाग ने सोमवार को भी हल्की बारिश की संभावना जताई है।

मई के आखिरी दिन रविवार को शाम करीब पांच बजे शहर के मौसम ने अचानक करवट बदली। दिनभर की उमस के बाद अचानक तेज और धूलभरी हवाएं चलने लगीं। देखते ही देखते आसमान में काले-घने बादलों का डेरा जमा हो गया और कड़कती बिजली के साथ बारिश शुरू हो गई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार शाम साढ़े पांच बजे तक शहर में 2.4 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। इस आंधी-पानी के चलते ठंडी हवाएं चलने से शहर का मौसम सुहाना हो गया। मौसम का लुत्फ उठाने के लिए बड़ी संख्या में लोग रिवर फ्रंट पहुंचे। रविवार को हुई इस मौसमी हलचल के कारण लखनऊ का अधिकतम तापमान सामान्य से 3.9 डिग्री सेल्सियस कम यानी 36.3 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 1.5 डिग्री नीचे गिरकर 24.7 डिग्री सेल्सियस पर आ गया। हवा में अधिकतम नमी का स्तर 78 प्रतिशत रहा, जिससे शाम के समय लोगों को ठंडी हवाओं का अहसास हुआ।
मौसम में बदलाव के कारण
आईएमडी लखनऊ के वैज्ञानिकों के अनुसार, यूपी में आए इस अचानक बदलाव के पीछे दो बड़े मौसमी सिस्टम काम कर रहे हैं। इस समय उत्तर-पश्चिम उत्तर प्रदेश के ऊपर वायुमंडल में समुद्र तल से 7.6 किलोमीटर की ऊंचाई तक एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती घेरे के रूप में बना हुआ है। इसके साथ ही, मध्य पाकिस्तान के ऊपर भी ऊपरी हवा का एक चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन दोनों प्रणालियों के आपस में टकराने और अरब सागर व बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण ही राजधानी में अचानक तेज हवाओं के साथ घने बादल बने और बारिश हुई।
आज भी जारी रह सकता है बदली बारिश का सिलसिला
मौसम विभाग के मुताबिक, सोमवार को भी लखनऊ और इसके आसपास के इलाकों में आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बौछारें पड़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने सोमवार के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि शहर के कुछ हिस्सों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं और मेघगर्जन के साथ बिजली कड़कने की आशंका है। सोमवार को अधिकतम तापमान 36 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
अधिकांश पूछे जाने वाले प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


