आवारा कुत्ते का आतंक मासूम पर हमला, हालत गंभीर
Lucknow News - रहीमाबाद, लखनऊ में एक आवारा कुत्ते ने आठ साल के बच्चे दाऊद पर हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया है। स्थानीय लोग और दुकानदारों ने बच्चे को बचाने के लिए कुत्ते को खदेड़ा। क्षेत्र में आवारा कुत्तों के बढ़ते हमलों से लोग परेशान हैं और प्रशासन से कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
रहीमाबाद,लखनऊ, संवाददाता। राजधानी में आवारा कुत्तों के हमले थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। एक आवारा कुत्ते ने आठ साल के मासूम बच्चे पर सोमवार सुबह अचानक हमला कर दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। फिलहाल बच्चे का इलाज ट्रामा सेंटर में चल रहा है। तकिया गांव निवासी ई रिक्शा चालक शादाब का बेटा दाऊद सुबह दरोगा चक्की के पास स्थित एक दुकान पर समोसा खरीदने गया था उसी दौरान लालूहार रोड पर घूम रहे एक आवारा कुत्ते ने उसे देख लिया और अचानक उस पर हमला कर दिया। कुत्ते ने पहले बच्चे को दौड़ाया और फिर जमीन पर गिराकर उसके चेहरे हाथ और शरीर के अन्य हिस्सों पर बुरी तरह काट लिया।
बच्चा दर्द और डर से चीखने लगा, जिससे आसपास के लोगों का ध्यान उसकी ओर गया।बच्चे की चीख पुकार सुनकर आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग तुरंत मौके पर पहुंचे उन्होंने लाठी डंडों की मदद से कुत्ते को खदेड़ा और किसी तरह बच्चे को उसके चंगुल से छुड़ाया। यदि समय रहते लोग नहीं पहुंचते तो घटना और भी गंभीर हो सकती थी। हमले में दाऊद बुरी तरह घायल हो गया और अधिक खून बहने के कारण बेहोश हो गया परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मलिहाबाद ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया जहां उसका इलाज जारी है। स्थानीय दुकानदारों और लोगों ने बताया कि यह आवारा कुत्ता लंबे समय से दरोगा चक्की के आसपास घूम रहा है वह पहले भी कई लोगों पर हमला कर चुका है। खासकर बाइक सवारों को दौड़ाकर काटने की घटनाएं सामने आई हैं। कई लोग कुत्ते के डर से गिरकर घायल भी हो चुके हैं लेकिन अब तक इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है अभिभावक अपने बच्चों को अकेले बाहर भेजने से डर रहे हैं स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि आवारा कुत्तों पर नियंत्रण के लिए जल्द से जल्द अभियान चलाया जाए ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


