ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊराज्य हॉकी टीम का कैम्प : नीली टर्फ पर रंग-बिरंगी जर्सी पहन बहा रही हैं पसीना

राज्य हॉकी टीम का कैम्प : नीली टर्फ पर रंग-बिरंगी जर्सी पहन बहा रही हैं पसीना

 दिन के 2.30 बज रहे होंगे। विजयंत खण्ड गोमतीनगर स्थित मो. शाहिद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम से ‘खट...खट...खट...’ की तेज-तेज आवाजें आ रही थीं। ये आवाजें स्टेडियम में फैले सन्नाटे को तोड़...

1/ 2
2/ 2
अनंत मिश्र,लखनऊ। Mon, 21 Jan 2019 07:04 PM
ऐप पर पढ़ें

 दिन के 2.30 बज रहे होंगे। विजयंत खण्ड गोमतीनगर स्थित मो. शाहिद सिंथेटिक हॉकी स्टेडियम से ‘खट...खट...खट...’ की तेज-तेज आवाजें आ रही थीं। ये आवाजें स्टेडियम में फैले सन्नाटे को तोड़ रही थीं। स्टेडियम के भीतर नीली एस्ट्रोटर्फ पर पीली और लाल रंग की टी-शर्ट पहने 30-35 लड़कियां हॉकी की इतनी जबरदस्त ट्रेनिंग कर रही थीं कि इस ठण्ड में भी वे पसीने से तरबतर हो गई थीं। कोच नीलम सिद्दीकी, लता चौधरी और पूर्व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मुकुल लाल शाह इन लड़कियों को हॉकी बारीकियां सिखा रहे थे। 

दरअसल,  31 जनवरी से कोलम (केरल) में राष्ट्रीय जूनियर महिला हॉकी चैंपियनशिप शुरू हो रही है। इसमें हिस्सा लेने के लिए उत्तर प्रदेश हॉकी ने पूरे राज्य से 25 खिलाड़ियों को चुना है। ये सभी खिलाड़ी पिछली 12 जनवरी से यहां सुबह-सुबह शाम ट्रेनिंग कर रही हैं। इन्हीं में वे खिलाड़ी चुनी जाएंगी जो राष्ट्रीय चैंपियनशिप में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगी।
लड़कियां खूब मेहनत कर रही हैं। इन लड़कियों में कुछ कर गुजरने का जोश है। सुबह और शाम के सत्र में जमकर मेहनत की जा रही है। फिजिकल वर्क के साथ स्किल पर भी ध्यान दिया जा रहा है। शाम के सत्र में मैच खिलाए जा रहे हैं। ट्रेनिंग का 30 फीसदी हिस्सा पेनल्टी कॉर्नर से गोल करने में लगाया जा रहा है।

मुमताज भी कर रही हैं ट्रेनिंग
भारतीय टीम के सदस्य राजधानी की मुमताज खान भी इन लड़कियों के साथ ट्रेनिंग कर रही हैं। वैसे वह फ्रांस के खिलाफ खेलने वाली भारतीय जूनियर टीम के कैम्प में शामिल हैं। 24 या 25 से भारतीय टीम का कैम्प साई सेंटर में शुरू होगा। तब वह चली जाएंगी। फिलहाल वह मो. शाहिद स्टेडियम में पसीना बहा रही हैं।

 संभावित टीम : 
करीना कुमारी, प्रतिभा सरोज, अंजली शुक्ला, सिमरन सिंह, वंदना कुशवाहा, तृप्ति मिश्रा, पूजा कुमारी, साहिल गुप्ता,  पल्लवी, विनम्रता, अम्बिका साहू, जूली गौर, सरिता राय, प्राची कुशवाहा, वर्षा आर्या, अर्चना भारद्वाज,सपना देवी, हिना बानो, रुचिका उपाध्याय, अनुराधा पाल, पूजा यादव, शशीकला, प्रियंका निषाद, हेमा नवेत।

‘इस बार अधिकांश खिलाड़ी नई हैं। छह-सात तो ऐसी हैं जो पहली दफा कैम्प में आई हैं। इसके बावजूद खिलाड़ियों में जोश है। पिछली दफा हम लोग सेमीफाइनल तक पहुंचे थे। इस  बार हम अपना रिकार्ड जरूर सुधारेंगे। ‘
नीलम सिद्दीकी
कोच

यूपी के मुकाबले
उत्तर प्रदेश को पूल-डी में रखा गया है। उसमें उत्तर प्रदेश के अलावा बिहार, ओडिशा, कर्नाटक, दिल्ली की टीमें हैं।
31 जनवरी को दिल्ली से मुकाबला
1 फरवरी को कर्नाटक से मुकाबला
3 फरवरी को ओडिशा से मुकाबला
5 फरवरी को बिहार से मुकाबला
(हर पूल में पहलो दो स्थानों पर रहने वाली टीमें क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेंगी
 

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें