चौकीदार के डर से देश-प्रदेश लूटने वाले एकजुट हो रहे : श्रीकांत शर्मा
- मोदी-योगी के सपने आते हैं विरोधियों को, तेजस्वी-बेगानी शादी में अब्दुल्ला...
राज्य मुख्यालय- प्रमुख संवाददातासपा-बसपा गठबंधन पर प्रदेश सरकार के प्रवक्ता और ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने विरोधियों पर जमकर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि देश-प्रदेश को लूटने वाले एकजुट हो रहे हैं। इनमें से कुछ जेल में हैं, कुछ बेल पर हैं और कुछ जेल के दरवाजे पर हैं। श्रीकांत शर्मा ने लोकभवन में प्रेस वार्ता में यह बात कही।उन्होंने कहा कि चौकीदार के डर से एक प्रवृत्ति के लोग अस्तित्व बचाने के लिए एकजुट हो रहे हैं। विरोधियों को सपने में भी मोदी-योगी ही दिखाई देते हैं। उन्होंने दावा किया कि तमाम विरोध और विरोधियों के एकजुट होने के बाद भी जनता 2019 में मोदी और भाजपा को बहुमत देगी क्योंकि जमीन पर हमारा काम बोलता है। मंत्री ने कहा कि इन डरे हुए लोगों के गठबंधन का जवाब जनता देगी। वो परिवार जवाब देंगे जहां रोशनी और चूल्हा पहुंचा है। जिन लोगों को प्रधानमंत्री ने शौचालय देने का काम किया है। आर्थिक परेशानी के कारण अपने परिवार के सदस्यों को गंवा देने वाले आयुष्मान भारत के लाभार्थी जवाब देंगे। खनन घोटाले में सीबीआई छापों पर उनका कहना था कि खनन घोटाले की जांच इलाहाबाद हाईकोर्ट के निर्देश पर हो रही है, यह सरकार या भाजपा के कहने पर नहीं की जा रही है। इसलिए चोरी और सीनाजोरी नही चलने वाली। तेजस्वी के बसपा सुप्रीमो और अखिलेश यादव से मिलने पर श्रीकांत शर्मा ने कटाक्ष किया कि-बेगानी शादी में अब्दुल्ला दिवाना हो रहा है।अयोध्या मामले में कांग्रेस सबसे बड़ा रोड़ा है। कांग्रेस इस मामले में राजनीतिकरण कर इसे अटका-भटका रही है। यूपी में मार्च 2017 में जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सरकार बनी तो सुधार की बड़ी चुनौती हमारे सामने थी। आर्थिक स्थिति सहित सभी मोर्चों पर बेहद जर्जर व्यवस्था मिली थी। सीएम योगी के नेतृत्व में न केवल इन व्यवस्थाओं में सुधार हुआ है बल्कि छवि भी सुधरी है। प्रदेश में निवेश का माहौल बना है, कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। बिजली क्षेत्र में अभूतपूर्व सुधार हुएबिजली के मामले में अभूतपूर्व सुधार हुए। सौभाग्य योजना के जरिए 31 दिसम्बर तक 94 लाख परिवारों तक बिजली पहुंचाई गई। 1.20 लाख मजरे रोशन हुए। दो किलो वाट तक के उपभोक्ताओं का सरचार्ज माफ किया। कटिया कनेक्शन का वैध नियमितिकरण किया। किसानों के ट्यूबवेल के बिल का सरचार्ज माफ किया गया। सरकार ने डेढ़ साल में 44 हज़ार करोड़ रुपये गन्ना किसानों का भुगतान किया। केंद्र सरकार की योजना के तहत अब तक प्रदेश में उज्जवला योजना के माध्यम से 97 लाख घरों में मुफ्त गैस कनेक्शन पहुंचाया गया। 18 लाख लोगों को पीएम आवास योजना का लाभ मिल चुका है। उन्होंने कहा कि जो लोग प्रयागराज के नाम बदलने पर सवाल खड़ा कर रहे हैं उनका संस्कृति से सरोकार नहीं है। साढ़े चार सौ वर्षों तक अक्षयवट को आम लोगों की पहुंच से दूर कैद रखा गया। यह किन लोगों ने किया?