सपा प्रवक्ता सुमैया राणा को पुलिस ने भेजा 10 लाख का नोटिस, CM नीतीश कुमार के घर के घेराव का किया था ऐलान

Dec 22, 2025 08:43 am ISTNewswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
share Share
Follow Us on

Lucknow News - Lucknow News : सपा प्रवक्ता सुमैय्या राणा को कैसरबाग पुलिस ने व्हाट्सऐप के जरिए 10 लाख रुपये के मुचलके का नोटिस भेजा है। उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री और यूपी के मंत्री के विरोध में सीएम आवास और विधान भवन के घेराव का ऐलान किया था। पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट किया है।

सपा प्रवक्ता सुमैया राणा को पुलिस ने भेजा 10 लाख का नोटिस, CM नीतीश कुमार के घर के घेराव का किया था ऐलान

सपा प्रवक्ता सुमैय्या राणा को कैसरबाग पुलिस ने व्हाट्सऐप के जरिए शांतिभंग की आशंका में 10 लाख रुपये मुचलके का नोटिस भेजा है। साथ ही उन्हें कैसरबाग एसीपी की कोर्ट में पेश होने को भी कहा गया है। उन्होंने सीएम आवास और विधान भवन के घेराव के लिए कार्यकर्ताओं का आह्वान किया था।

कैसरबाग के घसियारी मंडी स्थित सिल्वर हाइट्स अपार्टमेंट के पेंट हाउस निवासी सपा नेता सुमैय्या राणा के मुताबिक उन्होंने हिजाब विवाद को लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और यूपी के मंत्री संजय निषाद के विरोध में सीएम आवास और विधान भवन के घेराव का ऐलान किया था।इसके बाद गुरुवार को पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट कर दिया था। उन्हें शनिवार शाम तक हाउस अरेस्ट रखा गया था। शनिवार को ही देर रात कैसरबाग पुलिस शांति भंग से संबंधित नोटिस लेकर उनके घर गई थी। उन्होंने नोटिस लेने से इनकार कर दिया तो पुलिस ने व्हाट्सऐप पर पाबंद किए जाने का नोटिस भेज दिया।

उन्होंने बताया कि नोटिस में पांच लाख रुपये के निजी मुचलके और इतनी ही राशि की दो जमानतों का जिक्र है। साथ ही नोटिस में उन्हें सोमवार को एसीपी कैसरबाग की कोर्ट में पेश होने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि इस नोटिस को वह न्यायालय में चुनौती देंगी। कहा कि कैसरबाग पुलिस ने तीन दिन तक उन्हें अवैध रूप से बंधक बनाए रखा, जबकि वह स्वयं बिहार के मुख्यमंत्री और यूपी के मंत्री के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने थाने गई थीं। पुलिस ने उल्टे उन्हीं के खिलाफ कार्रवाई की है। इंस्पेक्टर ने बताया कि सुमैय्या राणा ने बिहार के सीएम के विरोध में प्रदर्शन करने का ऐलान किया था। इसी को लेकर उनको नोटिस दिया गया। मामले में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।