
लखनऊ मेट्रो रेल विस्तार निर्माण की प्रकियाएं जल्द पूरी करें: मुख्य सचिव
Lucknow News - - प्रधानमंत्री एकता मॉल व श्रमजीवी महिला छात्रावास निर्माण की धीमी प्रगति पर जताई नाराजगी
मुख्य सचिव एसपी गोयल ने कहा है कि लखनऊ मेट्रो रेल विस्तार परियोजना को शुरू करने की सभी औपचारिकताएं जल्द पूरी की जाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री एकता मॉल और श्रमजीवी महिला छात्रावास निर्माण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई। मुख्य सचिव गुरुवार करे प्रोजेक्ट मॉनिटरिंग ग्रुप (पीएमजी) की बैठक में अधिकारियों को यह निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि लखनऊ मेट्रो के कॉरिडोर-वन बी (चारबाग से वसंत कुंज) के निर्माण कार्य शुरू करने की सभी औपचारिकताएं अत्यंत त्वरित गति से पूरी कराई जाए। सभी निर्माणाधीन मेट्रो परियोजनाओं में अधिकतम गति से काम कराते हुए इन्हें निर्धारित समय से पहले पूरा करने के हरसंभव प्रयास किए जाएं।

बैठक में बताया गया कि लखनऊ मेट्रो विस्तार के लिए लोक निर्माण विभाग से एनओसी प्राप्त हो चुकी है। जियो-टेक्निकल एवं टोपोग्राफिकल सर्वे पूरा हो चुका है तथा डिटेल डिजाइन कंसल्टेंट के चयन के लिए टेंडर प्रक्रिया प्रगति पर है। उन्होंने प्रधानमंत्री एकता मॉल, पीएम मित्र पार्क, श्रमजीवी महिलाओं के लिए छात्रावास, संत कबीर टेक्सटाइल एंड अपैरल पार्क, श्रावस्ती में इंटरप्रिटेशन सेंटर, बटेश्वर में पर्यटन विकास कार्य और आगरा, कानपुर व लखनऊ की मेट्रो रेल परियोजनाएं, डिजिटल लाइब्रेरी प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं से निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। परियोजना में हुई देरी को जल्द कवर करने के लिए समय-सारिणी को संशोधित करें, जरूरत के आधार पर मैनपावर बढ़ाएं। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि अगली पीएमजी बैठक में सभी परियोजनाओं में अपेक्षित वित्तीय एवं भौतिक प्रगति स्पष्ट रूप से दिखनी चाहिए। निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी हाल में समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पीएम मित्र पार्क बाउंड्री वॉल, गेट कॉम्प्लेक्स तथा ऑफिस बिल्डिंग के नवीनीकरण का काम मार्च 2026 से पहले पूरा कराएं। श्रावस्ती में इंटरप्रिटेशन सेंटर के निर्माण व बटेश्वर में पर्यटन विकास कार्यों में भी प्रगति सुनिश्चित की जाए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


