लोहिया अस्पताल इमरजेंसी में हंगामा, गलत इंजेक्शन लगाने के विरोध पर दो बहनों से मारपीट
Lucknow News - लखनऊ के डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान की इमरजेंसी में गलत इंजेक्शन लगाने पर दो बहनों के साथ मारपीट की गई। पीड़िताओं का आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ ने उन्हें छेड़ा और कपड़े फाड़ दिए। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
लखनऊ, संवाददाता। विभूति खंड स्थित डॉ. राम मनोहर लोहिया संस्थान की इमरजेंसी में गलत तरीके से इंजेक्शन लगाने का विरोध करने पर दो बहनों के साथ मारपीट की गई। पीड़िताओं का आरोप है कि अस्पताल के स्टाफ और सिक्योरिटी गार्डों ने उनसे छेड़छाड़ भी की। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार, वह अपनी छोटी बहन को इलाज के लिए शाम करीब सात बजे इमरजेंसी विभाग लेकर पहुंची थी। वहां मौजूद नर्स नस में इंजेक्शन लगाने की कोशिश कर रही थी, लेकिन कई बार प्रयास करने के बावजूद इंजेक्शन सही से नहीं लग पाया।
इस दौरान मरीज के हाथ में कई जगह सुई लगने से खून भी निकल आया। जब बड़ी बहन ने इस पर आपत्ति जताई, तो विवाद बढ़ गया।आरोप है कि इसी दौरान नर्स ने गुस्से में मरीज को जोर से इंजेक्शन लगा दिया, जिससे उसे तेज दर्द हुआ और वह चिल्लाने लगी। पीड़िता का कहना है कि जब उसने इस पूरे मामले की शिकायत करने की बात कही, तो वहां मौजूद महिला कर्मचारी ने उसे थप्पड़ मार दिया।इसके बाद मामला और बढ़ गया। पीड़िता का आरोप है कि कंपाउंडर और सिक्योरिटी गार्ड मौके पर पहुंच गए और दोनों बहनों के साथ मारपीट करने लगे। थोड़ी ही देर में अन्य कर्मचारी और गार्ड भी वहां आ गए। जब उन्होंने घटना का वीडियो बनाने की कोशिश की तो उनका मोबाइल छीनकर तोड़ दिया गया।पीड़िताओं का यह भी आरोप है कि मारपीट के दौरान उनके कपड़े फाड़ दिए गए और उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। विरोध करने पर उन्हें झूठे मामले में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी गई। मदद की उम्मीद में दोनों बहनें पास की पुलिस चौकी पहुंचीं, लेकिन वहां भी उन्हें संतोषजनक सहायता नहीं मिली।इसके बाद युवती ने अपने परिचित वकीलों को बुला लिया, जिससे अस्पताल परिसर में कुछ देर के लिए तनाव का माहौल बन गया। इस दौरान पुलिस और वकीलों के बीच बहस भी हुई। मौके पर मौजूद एक सिक्योरिटी गार्ड को पहचानने पर नाराज वकीलों ने उसकी पिटाई कर दी। विभूति खंड थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


