विधायक निवास के पास हजरतगंज में युवक को मारी गोली, एक हिरासत में
लखनऊ में बकरीद के मौके पर नरही के युवक विभु शुक्ला को गोली मार दी गई। युवक की जांघ में गोली लगी, लेकिन उसकी जान बच गई। पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। घटना पुरानी रंजिश का परिणाम बताई जा रही है। घायल युवक का इलाज केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर में चल रहा है।
लखनऊ, संवाददाता। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में हजरतगंज विधायक निवास के पास बकरीद त्योहार के बहाने बुलाकर नरही के युवक विभु शुक्ला को गोली मार दी गई। युवक के जांघ में गोली लगने से जान बच गई। घायल युवक को सिविल से इलाज के लिए केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर भेजा गया। हजरतगंज पुलिस ने एक आरोपी को हिरासत में लिया है। पुलिस ने बताया कि पुरानी रंजिश में गोली मारी गई। बाकी पड़ताल और पूछताछ चल रही है। नरही निवासी भाई अनुराग शुक्ला ने बताया कि शुक्रवार रात सवा 11 बजे फोन करके मो. शफीक उर्फ अत्ती ने विभु को दारूलशफा विधायक निवास के पास त्योहार के बहाने बुलाया।
विभु कुछ साथियों के साथ दारूलशफा पहुंचा। वहां शफीक अपने साथी मो. वाजिद के साथ खड़ा था। आरोप है कि पहुंचते ही अत्ती ने गालियां देनी शुरू कर दी। अपने साथी वाजिद से बोला कि तमंचा निकालकर गोली मार। शफीक विभु को पकड़ने लगा। वाजिद ने तमंचे से फायर कर दिया। वारदात के बाद दोनों भाग गए। भागने से पहले शफीक ने विभु के कान में कहा कि यदि इस घटना के बारे में किसी को बताया तो बहुत बुरा होगा। जांघ में गोली लगने से विभु घायल हो गया। साथियों ने उसे सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक इलाज देकर ट्राॅमा सेंटर रेफर कर दिया गया।हजरतगंज इंस्पेक्टर विक्रम सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने चंद घंटों के भीतर गोली चलाने वाले आरोपी युवक मो. वाजिद को हिरासत में ले लिया। उसने मो. शफीक के कहने पर गोली चलाई। शफीक ने ही विभु को बुलाया था। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। घटना में शामिल अन्य लोगों की तलाश कर रही है। फिलहाल घायल युवक की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


