शाइन सिटी के एजेंटों के जरिए राशिद नसीम ने जुटाई थीं कई बेनामी संपत्तियां
Lucknow News - - मुख्य आरोपी राशिद को दुबई से लाए जाने पर खुलेंगे कई बड़े एजेंटों के

लखनऊ, विशेष संवाददाता शाइन सिटी के संचालकों ने निवेशकों को रियल स्टेट की आकर्षक योजनाओं का झांसा देकर लूटी गई रकम का बड़ा हिस्सा अपने एजेंटों के माध्यम से बेनामी संपत्तियां जुटाने में खपाया था। खासकर मुख्य आरोपी राशिद नसीम की इसमें बड़ी भूमिका थी और उसने दुबई में बैठकर कई कीमती बेनामी संपत्तियों का सौदा भी किया था। भगोड़े राशिद नसीम की संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में गिरफ्तारी के बाद अब इस खेल में शामिल रहे उसके बड़े एजेंटों के चेहरे बेनकाब होने की उम्मीद भी जागी है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने लगभग एक वर्ष पहले शाइन सिटी के एजेंट प्रयागराज निवासी मो. जावेद के खाते में जमा 55.07 लाख रुपये जब्त कराए थे और उसके जरिए खरीदी गईं संपत्तियों की जांच शुरू की थी।
जांच में सामने आया था कि निवेशकों से ठगी के बाद दुबई भाग निकले शाइन सिटी इंफ्रा प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के मुख्य संचालक राशिद नसीम ने लखनऊ, हरदोई, प्रयागराज, सीतापुर, बाराबंकी समेत कई जिलों व दूसरे राज्यों में अपने एजेंटों के माध्यम से भी संपत्तियां खरीदी थीं। ईडी ने इसी कड़ी में पहले हरदोई से शाइन सिटी की महिला एजेंट शशि बाला को भी गिरफ्तार किया था। आरोप था कि वह शाइन सिटी की जांच एजेंसियों की नजर से बचाकर रखी गईं संपत्तियों को बेचने में राशिद नसीम की मदद कर रही थी। ईडी ने तब राशिद नसीम के करीबियों व एजेंटों के 23 ठिकानों पर छापेमारी की थी। शाइन सिटी संचालकों के नाम खरीदी गईं कई ऐसी संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद हुए थे, जिनकी जानकारी पहले नहीं थी। राशिद को भारत लाए जाने पर ईओडब्ल्यू व ईडी उससे पूछताछ करेगी और उसके कई मददगार बेनकाब होंगे, जिनकी भूमिका अब तक जांच के घेरे में नहीं आ सकी है। राशिद ने कुछ बिल्डर की मदद से अपनी कई संपत्तियों को छिपाकर रखा था। हाईकोर्ट के निर्देश पर ठगी के इस मामले की जांच ईओडब्ल्यू (आर्थिक अपराध शाखा), एसएफआइओ (सीरियस फ्राड इंवेस्टीगेशन आफिस) व ईडी मिलकर कर रहे हैं। निवेशकों को सस्ती दर पर प्लाट व फ्लैट की आकर्षक योजनाओं का झांसा देकर लगभग 60 हजार करोड़ रुपये की ठगी की थी। जांच एजेंसियों का कहना है कि राशिद को दुबई से लाए जाने के लिए सीबीआई व भारत सरकार के स्तर पर कानूनी प्रक्रिया पूरी कराई जा चुकी है। ----- राशिद ने साऊथ अफ्रीका तक में किया था निवेश ईओडब्ल्यू की जांच में सामने आया था कि राशिद ने दुबई भाग निकलने के बाद लंदन में अपनी एक फर्म रजिस्टर्ड कराई थी और हीरो के कारोबार के लिए साऊथ अफ्रीका में बड़ा निवेश किया था।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



