शारदा नहर को आज से व कठौता को पांच दिन बाद मिलेगा पानी
सिंचाई विभाग ने पानी छोड़े जाने का शुक्रवार को आदेश किया जारी शनिवार सुबह
सिंचाई विभाग ने पानी छोड़े जाने का शुक्रवार को आदेश किया जारी
शनिवार सुबह से नहर में चलने लगेगा पानी
150 किलोमीटर की दूरी तय कर पांच दिनों में लखनऊ पहुंचेगा पानी,
2000 क्यूसेक छोड़ा जाएगा पानी
लखनऊ। संवाददाता
तृतीय जलकल से जुड़े इंदिरा नगर, गोमती नगर, चिनहट की 10 लाख की आबादी के लिए अच्छी खबर है। तृतीय जलकल की कठौता झील को पांच दिन बाद पानी मिलना शुरू हो जाएगा। भीषण गर्मी को देखते हुए सिंचाई विभाग ने कठौता झील के लिए लखीमपुर स्थित शारदा बैराज से नहर में पानी छोड़े जाने का आदेश शुक्रवार को जारी कर दिया है। शनिवार सुबह शारदा नहर को पानी मिलना शुरू हो जाएगा।
2000 क्यूसेक छोड़ा जाएगा पानी
सिंचाई खंड लखनऊ के अधिशासी अभियांता ओपी मौर्या ने बताया कि पानी छोड़े जाने का आदेश जारी हो गया है। लखीमपुर स्थित शारदा बैराज से पानी छोड़े जाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। शनिवार सुबह से नहर को पानी मिलना शुरू हो जाएगा। पहले चरण में 2000 क्यूसेक पानी छोड़ा जाएगा।
पानी लखनऊ पहुंचने में लगेगा पांच दिन
शारदा बैराज से लखनऊ तक पानी को करीब 150 किलोमीटर की दूरी तय करने में पांच दिन का समय लगेगा। पेयजल की समस्या को देखते हुए पानी को खास तौर कठौता के लिए छोड़ा जा रहा है। अशिशाषी अभियांता ओपी मौर्या ने बताया कि पूरी नहर अभी सूखी है। गर्मी मौसम है इसलिए बहुत पानी तो नहर सोंख लेगी। इसे देखते हुए दरियाबाद शाखा व बाराबंकी शाखा समेत अन्य शाखाओं को भी पानी नहीं दिया जाएगा।
कठौता में नौ फीट बचा पानी
तृतीय जलकल की कठौता झील का जलस्तर नौ फीट से नीचे चला गया है। साधारण गणना में अनुसार झील में चार दिनों का पानी शेष बचा है। लेकिन जलकल विभाग के अधिकारियों की माने तो इधर गोमती नगर व इंदिरा नगर के जोनल पम्पिग स्टेशन को कठौता से भेजे जाने वाले पानी में डेढ़ से दो घंटे सुबह शाम कटौती किए जाने के कारण झील में सात दिन का पानी बचा है। तृतीय जलकल की कठौता व भरवारा झील में शारदा सहायक पोषक नहर (इंदिरा नहर) से पानी आता है। सिंचाई विभाग ने 19 मई से नहर को बंद कर दिया था। नहर बंद होने के बाद कठौता झील में 22 दिनों का पानी स्टोर रहता है। जलकल विभाग के महाप्रबंधक राम कैलाश ने बताया अभी छह से सात दिन का पानी शेष है। लोगों को कोई दिक्कत नहीं होने दी जाएगी।