
नहर कटी, पानी में डूबी सिरगामऊ रोड, बाग जलमग्न
Lucknow News - मलिहाबाद के कसमंडी कला रजबहा के सिरगामऊ रोड पर नहर की खांदी कटने से बागों और खेतों में पानी भर गया है। ग्रामीणों को भीषण सर्दी में सड़क पर एक फुट गहरे पानी से गुजरना पड़ रहा है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी नहर विभाग ने समस्या का समाधान नहीं किया है।
मलिहाबाद, संवाददाता। शारदा नहर खंड-दो के कसमंडी कला रजबहा के सिरगामऊ रोड के पास नहर की खांदी (किनारा) कटने से पानी बागों, खेतों और सड़क पर भर गया है। इस कारण मऊ, रमगढ़ा, सिरगामऊ आदि गांवों के ग्रामीणों को इस भीषण सर्दी में सड़क पर भरे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ रहा है। वहीं, बागों में पानी भरने से पेड़ों को नुकसान होने की आशंका बन गई है। तीन दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक विभाग ने सुध नहीं ली है। कसमंडी कला क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि सिरगामऊ सम्पर्क मार्ग के किनारे स्थित नहर की खांदी कटने से आस पास के तमाम बागों व खेतों में जलभराव हो गया है।
बागों खेतों से होते हुये नहर का पानी सड़क पर भी भर गया है। इस कारण इस सड़क से आवागमन करने वाले तमाम गांवों के ग्रामीणों को सड़क पर भरे एक फुट गहरे पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। सिरगामऊ, चतुरीखेड़ा, कुशभरी, सरसंडा आदि करीब दो दर्जन गांवों के ग्रामीणों को कसमण्डी तक आने जाने के लिये इसी पानी से होकर गुजरना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि तीन दिनों से यह समस्या है। नहर विभाग से शिकायत करने के बावजूद अभी तक कोई भी जिम्मेदार अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




