Lucknow News: जाम में फंसी 108 एंबुलेंस, निकलने की नहीं मिली राह; स्कूल छूटते ही थम गई राजधानी की रफ्तार
Lucknow News: लखनऊ में सोमवार को भीषण जाम के कारण लोगों को घंटों परेशानियों का सामना करना पड़ा। हजरतगंज में कुर्ते पार्क रोड पर 108 एंबुलेंस फंस गई, और कई अन्य वाहन भी जाम में फंसे रहे। स्कूलों की छुट्टी के बाद स्थिति और बिगड़ गई, जिससे ट्रैफिक व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए।
Lucknow News: लखनऊ, प्रमुख संवाददाता। राजधानी की सड़कें सोमवार को भीषण जाम की चपेट में रहीं और लोग घंटों परेशान होते रहे। सबसे चिंताजनक तस्वीर हजरतगंज में क्राइस्ट चर्च स्कूल के पास कुर्ते पार्क रोड पर दिखी, जहां वाहनों के हुजूम में 108 एंबुलेंस फंस गई। चारों ओर दोपहिया, चारपहिया वाहनों और स्कूली बच्चों को ले जा रहे वाहनों की भीड़ के बीच एंबुलेंस को निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला। सायरन बजता रहा, लेकिन वाहन चालक चाहकर भी जगह नहीं दे सके। जाम के हालात सुबह से ही बिगड़ने शुरू हो गए थे। कठौता चौराहा, मल्हौर और विभूति खंड में सुबह के व्यस्त घंटों में ही वाहनों की रफ्तार थम गई थी।
दफ्तर जाने वाले लोग समय पर नहीं पहुंच सके, तो कई लोग जरूरी काम छोड़कर जाम में ही फंसे रह गए। दोपहर होते-होते स्थिति और खराब हो गई और स्कूलों की छुट्टी के बाद जाम कई गुना बढ़ गया。
स्कूलों की छुट्टी के बाद स्थिति
स्कूल छूटने के बाद हजरतगंज, केडी सिंह बाबू स्टेडियम, नेशनल स्कूल, चिरैयाबाग, सप्रू मार्ग, सहारा मॉल और ग्लोब पार्क चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। पॉलिटेक्निक से मुंशी पुलिया जाने वाली रोड भी जाम की चपेट में रही। स्कूली वाहनों, अभिभावकों की गाड़ियों और आम ट्रैफिक के एक साथ सड़क पर आ जाने से हालात बेकाबू हो गए। भीषण गर्मी और उमस के बीच स्कूली बच्चे वाहनों में बिलबिलाते रहे, अभिभावक परेशान होते रहे।
आपातकालीन सेवाओं पर प्रभाव
पैदल राहगीरों तक को निकलने की जगह नहीं मिली। कई लोग तय समय पर अपने गंतव्य नहीं पहुंच सके, तो एंबुलेंस के अलावा अन्य आपात वाहन भी जाम में रेंगते नजर आए। एंबुलेंस के जाम में फंसने की इस तस्वीर ने ट्रैफिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्कूलों की छुट्टी के समय प्रमुख चौराहों पर व्यवस्था के बावजूद जाम पर काबू नहीं पाया जा सका।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


