पुन : संशोधित-मौसम कंपाइल कापी: यूपी में आंधी-बिजली से 72 लोगों की मौत

Newswrap हिन्दुस्तान, लखनऊ
Follow us on Google News
share

-पूर्वांचल में 24और प्रयागराज मंडल में 15 मौतों के साथ सबसे ज्यादा तबाही

पुन : संशोधित-मौसम कंपाइल कापी:  यूपी में आंधी-बिजली से 72 लोगों की मौत

- हवा की रफ्तार 100 किलोमीटर प्रतिघंटा तक रही

----------------

लखनऊ, प्रमुख संवाददाता।

वायुमंडल के निचले क्षोभमंडल में वेस्ट यूपी के ऊपर चक्रवाती परिस्थिति बन गई। साथ ही दक्षिण राजस्थान से आ रही पुरवा की मदद मिलने से बुधवार को प्रदेश में 100 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार तक आंधी चली। नतीजतन प्रदेश में कुदरत का कहर टूट पड़ा। दोपहर बाद प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में आई भीषण आंधी और बारिश के कारण हुए हादसों में 72 लोगों की मौत हो गई। सैकड़ों पेड़, बिजली के खंभे और साइन बोर्ड उखड़ गए, जिससे यातायात और बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई।

पूर्वांचल में तबाही

पूर्वांचल में 24 और प्रयागराज मंडल में 15 मौतों के साथ सबसे ज्यादा तबाही देखने को मिली। आंधी के दौरान हुए हादसों में गोरखपुर में 5, भदोही में 11, मिर्जापुर में पांच, चंदौली में दो और सोनभद्र में एक की मौत हो गई।

भदोही में मंदिर की दीवार गिरने से हादसा

भदोही के औराई में मंदिर की दीवार गिरने से पूजा करने गईं दो महिलाओं सहित चार लोगों की मौत हो गई। वहीं, प्रयागराज में शाम को आई आंधी ने 15 लोगों की जान ले ली। प्रयागराज के ग्रामीण क्षेत्रों में 12 लोग जबकि प्रतापगढ़ में तीन लोगों की जान चली गई। सिद्धार्थनगर में भी टिनशेड गिरने से एक बच्चे की मौत हो गई। बस्ती में एक, गोरखपुर में बुजुर्ग की सीढ़ी से गिरकर जबकि देवरिया में बिजली गिरने से दो की मौत हो गई।

मध्य यूपी और रुहेलखंड में हादसों का सिलसिला

मध्य यूपी के जिलों में आंधी-तूफान ने 15 लोगों की बलि ले ली। इनमें अकेले फतेहपुर में सर्वाधिक 8 मौतें हुईं। इसके अलावा उन्नाव में तीन, हरदोई में दो और झांसी व कानपुर देहात में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। रुहेलखंड के बरेली मंडल में सुबह 11 बजे आई आंधी ने बदायूं में छह और बरेली में चार लोगों सहित कुल 10 लोगों की जान ले ली।

अवध और मुरादाबाद मंडल का हाल

अवध क्षेत्र में भी आंधी का कहर बरपा। सीतापुर में पेड़ गिरने से दो और रायबरेली में करंट लगने से एक किशोरी समेत 3 लोगों की मौत हो गई। रायबरेली के ऊंचाहार में आंधी के दौरान गिरे पेड़ की चपेट में आने से किसान की मौत हो गई। मुरादाबाद मंडल के संभल में दीवार और पोल गिरने से महिला समेत दो लोगों की मौत हुई, जबकि अमरोहा में 8 लोग घायल हुए हैं। मंडल में 250 से अधिक बिजली के पोल गिरने से ग्रामीण इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति है।

यातायात और बिजली व्यवस्था चरमराई

तेज हवाओं के कारण वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर साइन बोर्ड गिरने से रूट डायवर्ट करना पड़ा। गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों में धूल भरी आंधी के साथ हल्की बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार, वायुमंडल में कम दबाव का क्षेत्र बनने के कारण यह स्थिति पैदा हुई है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने प्रभावित जिलों के जिलाधिकारियों को राहत कार्य तेज करने और पीड़ितों को तत्काल सहायता पहुंचाने के निर्देश दिए हैं।

अब थमेगा सिलसिला, गर्मी बढ़ेगी

मौसम विभाग के अनुसार वर्षा के बावजूद प्रदेश के अनेक भागों में तापमान में दर्ज बढ़ोतरी हुई है। नतीजतन बुन्देलखण्ड के बांदा में तापमान 45.4 डिग्री दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में मौसम शुष्क रहने और प्रदेश के दक्षिणी जिलों में लू की स्थिति होने का पूर्वानुमान है।

अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न

आंधी से कितने लोगों की मौत हुई?
आंधी और बारिश के कारण 72 लोगों की मौत हो गई।

कृपया अपने अनुभव को रेट करें

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।