
मूसलाधार बारिश में शहर की बिजली व्यवस्था ध्वस्त
Lucknow News - बुधवार रात हुई मूसलधार बारिश के कारण राजधानी की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। जगह-जगह पेड़ गिरने और केबल फाल्ट की वजह से आधे शहर में बिजली बहाल नहीं हो सकी। उपभोक्ताओं ने अधिकारियों से संपर्क किया,...
मूसलाधार बारिश के कारण बुधवार रात राजधानी की बिजली व्यवस्था ध्वस्त हो गई। जगह-जगह पेड़ गिरने, पोल टूटने और अंडरग्राउंड केबल फाल्ट के कारण आधे शहर में गुरुवार दोपहर तक बिजली बहाल नहीं हो सकी। इससे घरों में पानी का संकट खड़ा हो गया। परेशान उपभोक्ता उपकेंद्र से लेकर अधिकारियों तक फोन घनघनाते रहे, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। इससे नाराज उपभोक्ता उपकेंद्र पहुंच गए। वहीं तेज बारिश व जलभराव के कारण कर्मचारियों को फाल्ट ठीक करने में काफी दिक्कत हुई। हनुमान सेतु उपकेंद्र के बाला कदर रोड पर बिजली के तारों पर पेड़ गिर गया। इससे पांच घंटे सप्लाई ठप रही।

दुबग्गा उपकेंद्र में केबल फाल्ट हो गया। वहीं काकोरी उपकेंद्र के दुर्गागंज फीडर में दोपहर दो बजे से शाम छह बजे तक आपूर्ति ठप रही। इससे दुर्गागंज, बाजनगर, मंडौली, पहिया आजमपुर, रसूलपुर, गोलकुंवा सहित बड़ा इलाका प्रभावित रहा। शारदा नगर विस्तार उपकेंद्र के माती फीडर क्षेत्र में रात 12 से सुबह चार बजे तक बत्ती गुल रही। नादरगंज उपकेंद्र के अंतर्गत कानपुर रोड पर पोस्ट आफिस में बुधवार रात करीब 12 बजे बिजली गुल हो गई। यहां गुरुवार रात 8:30 बजे आई। माल उपकेंद्र से बुधवार शाम से गुरुवार रात तक सप्लाई बहाल नहीं हो पाई। आलमबाग के बहादुरखेड़ा में केबल फाल्ट हो गया। इससे कई घरों की बिजली सप्लाई शाम छह बजे से देर रात तक ठप रही। इससे नाराज उपभोक्ताओं ने सिंगार नगर एसडीओ ऑफिस पहुंचकर प्रदर्शन किया। अर्जुनगंज में जलभराव के कारण फाल्ट ठीक करने में कर्मचारियों को काफी दिक्कत हुई। प्रियदर्शनी उपकेंद्र ब्रेकडाउन हो गया। इससे एक घंटा बिजली बाधित रही। इसके अलावा फैजुल्लागंज, इंदिरानगर, गोमतीनगर, विकासनगर, जानकीपुरम, राजाजीपुरम, आशियाना सहित कई इलाकों में बिजली बाधित रही।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


