Lucknow News: सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव, फैक्ट्रियों में घुसा पानी
Lucknow News: तेज बारिश के कारण सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव हो गया है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से करोड़ों रुपये की मशीनरी, कच्चा माल और तैयार माल बर्बाद हो गया है। पिछले तीन वर्षों से प्रशासन से ज्ञापन देने के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला। उद्यमियों ने अविलंब सुधार की मांग की है।

Lucknow News: तेज बारिश के कारण सरोजनीनगर औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव हो गया है। जलनिकासी की समुचित व्यवस्था न होने से बारिश का पानी सीधे फैक्ट्री परिसरों के भीतर तक भर गया। इससे करोड़ों रुपये की मशीनरी, गोदामों में रखा कच्चा माल और तैयार माल पूरी तरह से बर्बाद हो गया है, जिससे क्षेत्र का औद्योगिक कारोबार पूरी तरह ठप पड़ा है। सरोजनीनगर इंडस्ट्रियल एरिया मैन्युफैक्चरर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष नीलमणि वार्ष्णेय ने बताया कि पिछले तीन वर्षों से लगातार संबंधित प्रशासनिक विभागों को ज्ञापन और पत्र सौंपे जा रहे हैं। इसके बावजूद जलनिकासी का कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। एसोसिएशन के सचिव रजत गुलाटी ने कहा कि यदि प्रशासन ने समय रहते आंतरिक नालियों को मुख्य नाले से जोड़ने का काम पूरा किया होता, तो उद्यमियों को आज यह आर्थिक चपत न झेलनी पड़ती। उन्होंने बताया कि औद्योगिक क्षेत्र में जलभराव की समस्या नई नहीं है। स्थानीय नाले और मुख्य मार्ग के नाले के आपस में न जुड़े होने की वजह से जल निकासी पूरी तरह बाधित रहती है। मजबूरी में उद्यमी पंपिंग सेट लगाकर पानी निकालने का प्रयास कर रहे हैं, लेकिन यह अस्थाई उपाय साबित हो रहा है。
टूटी सड़कें और नालियां बनीं मुसीबत
क्षेत्रीय उद्यमी अशोक चावला और रितेश श्रीवास्तव ने बताया कि जलनिकासी के अलावा यहां बुनियादी ढांचे की स्थिति बेहद दयनीय है। जगह-जगह टूटी नालियों और सड़कों पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में जलभराव व कीचड़ होने से कर्मचारियों का आना-जाना और भारी वाहनों द्वारा कच्चे माल की आपूर्ति बेहद मुश्किल हो गई है। उद्यमियों ने जिला प्रशासन से अविलंब क्षेत्र की जलनिकासी को मुख्य नाले से जोड़ने, टूटी सड़कों का पुननिर्माण कराने और नालियों की मरम्मत कराने की जोरदार मांग की है, ताकि क्षेत्र के उद्योग बंद होने से बचाए जा सकें।

