नेपाल में विवाद के चलते सील की गई सीमा
पड़ोसी देश नेपाल में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान शुक्रवार को हुए विवाद का असर भारतीय सीमा क्षेत्र पर पड़ा है। भारत नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है। जिसके कारण सीमा पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई...
पड़ोसी देश नेपाल में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान शुक्रवार को हुए विवाद का असर भारतीय सीमा क्षेत्र पर पड़ा है। भारत नेपाल सीमा को सील कर दिया गया है। जिसके कारण सीमा पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई है। रविवार को भी विवाद का हल न होने से नेपाल के सीमावर्ती कृष्णानगर में मूर्तियों का विसर्जन नहीं हो सका है।
बताया जाता है कि कृष्णा नगर में शुक्रवार को मूर्ति विसर्जन जुलूस निकाला जा रहा था। जिसमें 18 दुर्गा प्रतिमाएं शामिल थीं। एक मूर्ति पर कुछ अराजक तत्वों ने पत्थरबाजी कर दी। जिसके विरोध में मूर्ति विसर्जन को जा रहे लोगों ने भी पत्थरबाजी की। पत्थरबाजी में करीब एक दर्जन लोग जख्मी हो गए। जिससे आक्रोशित लोगों ने मूर्तियों का विसर्जन रोक दिया। लोग मांग करने लगे कि मूर्ति पर पथराव करने वालों के खिलाफ कार्रवाई हो। उसके बाद ही मूर्तियों का विसर्जन किया जाएगा। पथराव का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। जिससे तनाव और बढ़ गया। शनिवार देर शाम तक विवाद को हल करने का प्रयास किया जाता रहा लेकिन कोई समाधान नहीं निकलने से ट्रैक्टर ट्रालियां कृष्णानगर के सड़कों पर खड़ी रहीं। जिन पर मूर्तियां विसर्जन के लिए ले जाई जा रही थीं। विरोध में शनिवार व रविवार को स्थानीय मार्केट बंद करा दिया गया। एहतियात के तौर पर भारत नेपाल के कृष्णानगर बढ़नी सीमा को सील कर दिया गया है। जिसके कारण सीमा पर वाहनों की लम्बी कतार लग गई है। जिससे जरूरी सामान की आवाजाही रुक गई है।