Lucknow News: टक्कर के बाद स्कूटी सवार ने साथियों संग कार सवारों को पीटा
Lucknow News: मोहनलालगंज में स्कूटी सवार को कार ने टक्कर मार दी, जिससे वह जख्मी हो गया। स्कूटी सवार ने पंचायत बुलाकर कार सवारों की पिटाई की और कार को तोड़ दिया। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया और कुछ पर शांति भंग के आरोप में कार्रवाई की।

Lucknow News: मोहनलालगंज। संवाददाता मौरावां मार्ग पर इमलिहाखेड़ा के पास शुक्रवार देर शाम स्कूटी सवार को कार ने टक्कर मार दी, जिससे स्कूटी सवार जख्मी हो गए। स्कूटी सवार ने कॉल कर परिचितों को बुलाकर कार सवारों को खूब पीटा। कार तोड़ दी। काफी देर तक हंगामा चला। पुलिस ने छह लोगों को हिरासत में लिया। तीन लोगों के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की।कल्ली पूरब के यश स्कूटी से उन्नाव कालूखेड़ा निवासी मामा के साथ जा रहा था। इमलिहाखेड़ा के पास एक कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। कार मालिक खलीलाबाद बरौली निवासी कैलाश सिंह, चालक उदवतखेड़ा निवासी विजय उर्फ सोनू कार में मौजूद था।
कार को रोकते हुए यश ने अपने साथियों को कॉल कर बुला लिया। उसके साथ मौके पर पहुंचे और कार में तोड़फोड़ के साथ कैलाश व विजय की खूब पिटाई की। दबंग काफी देर तक मौरावां मार्ग पर हंगामा करते रहे। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने तोड़फोड़ व मारपीट कर रहे गोविंद, करण, सचिन, अरूण, आशीष रावत, आदित्य को हिरासत में लिया। इंस्पेक्टर राम बाबू सिंह ने बताया कि एक पक्ष से मारपीट, तोड़फोड़ व दूसरे पक्ष से हादसा कर टक्कर मारने की तहरीर दी है। छह लोगों को मौके से हिरासत में लिया गया था, जिसमें कुछ लोग नाबालिग है।


