लॉकर से चोरी नहीं हुए थे जेवर, मुथुट ने लोन के बदले किए थे जब्त
Lucknow News - - अलीगंज पुलिस की तफ्तीश में हुआ खुलासा, 17 से 18 बार लिया गया था लॉकर से चोरी नहीं हुए थे जेवर, मुथुट ने लोन के बदले किए थे जब्त

कपूरथला स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के लॉकर से बबिता सिन्हा के सोने, चांदी और हीरे के जेवर चोरी नहीं हुए थे। मौत से पहले उनके पति ने लॉकर के जेवर निकालकर मुथुट फाइनेंस से गोल्ड लोन लिया था। बेटी की पढ़ाई के लिए पांच लाख इसके अलावा कई अन्य मदों में करीब 17-18 बार लोन लिया था। लोन अदा न कर पाने पर मुथुट ने जेवर जब्त कर लिया था। लोन जेवर की कीमत से ज्यादा था। यह खुलासा अलीगंज पुलिस की तफ्तीश में हुआ। इंस्पेक्टर अलीगंज अशोक कुमार सोनकर ने बताया कि बबिता सोपान एनक्लेव में रहती हैं। उन्होंने बैंक कर्मचारियों पर मिली भगत का आरोप लगाते हुए लॉकर से 1.5 करोड़ रुपये के जेवर चोरी होने का मुकदमा दर्ज कराया था।
बबिता ने तहरीर देकर बताया था पति राजेश सिन्हा कारोबारी थे बैंक में लॉकर लिया था। उसमें वर्ष 2017 से जेवर रख रही थीं। लॉकर पति और उनके संयुक्त नाम से था। पति की वर्ष 2022 में मौत हो गई थी। 12 जनवरी को उन्होंने लॉकर चेक किया तो उसमें जेवर नहीं थे। बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों से पूछा तो कोई सही जानकारी नहीं दी। इसके बाद तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले की तफ्तीश हुई तो एसबीआई के प्रबंधक ने लॉकर की जानकराी ली गई। पता चला कि लॉकर को राजेश ही आपरेट करते थे। उन्होंने 17-18 बार लॉकर से जेवर निकाले। इसके बाद पुरनियां स्थित मुथुट फाइनेंस में गोल्ड लोन लिया। वर्ष 2018 में पांच लाख रुपये का लोन बेटी की पढ़ाई के नाम से लिया था। राजेश ने करीब 17-18 बार मुथुट में जेवर गिरवीं रखकर लोन लिया था। लोन की राशि जेवरों की कीमत से अधिक हो गई थी। तय समय तक राजेश ने लोन अदा नहीं किया। मुथुट की ओर से नोटिस भी जारी की गई थी। कोई जवाब न मिलने पर कंपनी ने जेवर जब्त कर लिए। इसकी जानकारी बबिता को नहीं थी। इंस्पेक्टर ने बताया कि साक्ष्यों के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जा रही है। आरबीआई के हस्तक्षेप के बाद आनन फानन हुई तफ्तीश इंस्पेक्टर ने बताया कि मामला आरबीआई तक पहुंच गया था। अफसरों ने एसबीआई के प्रबंधक से बात की। पूरी जानकारी ली और जांच कराई। पता चला कि मुथुट से लोन लिया गया था। इसके बाद पीड़िता को थाने बुलाकर बयान दर्ज किए गए। जानकारी होने पर वह फूट फूटकर रोने लगी। उन्होंने बताया कि लोन के बारे में उन्हें जानकारी नहीं थी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



