
वृंदावन सेक्टर आठ अंडरपास पर डिवाइडर बनेगा
Lucknow News - -वृन्दावन सेक्टर 8 के अंडरपास पर हादसे रोकने को होंगे बदलाव -नए बदलाव
लखनऊ। प्रमुख संवाददाता वृंदावन के सेक्टर आठ में शहीद पथ के नीचे स्थित अंडरपास के पास हादसे रोकने के लिए कई बदलाव किए जाएंगे। इसमें शहीद पथ की तरफ से उतर रहे रैंप की लंबाई बढ़ाया जाना और डिवाइडर को विस्तार दिया जाना प्रमुख है। अंडरपास के आसपास पर्याप्त रोशनी का इंतजाम भी किया जाएगा, ताकि दूर से आने वाले वाहनों को अंडरपास से निकलते वाहन स्पष्ट नजर आएं। सेक्टर आठ अंडरपास के पास हादसों की बढ़ती संख्या को देखते हुए पीडब्ल्यूडी प्रांतीय खंड ने यहां बदलाव करने का निर्णय लिया है। ट्रैफिक पुलिस ने भी इसके लिए विभाग को पत्र लिखा था।

नए बदलाव के तहत शहीद पथ से उतर रहे रैंप की लंबाई बढ़ाई जाएगी। इसे ड्रेन के पास तक ले जाया जाएगा, जिससे कि वाहनों के उतरने के दौरान अंडरपास से आ रहे वाहन चालक आसानी से देख सकें। इसकी लंबाई तीन से चार मीटर बढ़ाई जा सकती है। यहां डिवाडर को विस्तार देकर आने और जाने वाले वाहनों के अलग लेन किए जाएंगे। अंडरपास से सटे हुए लगे बिजली के खंभों को शिफ्ट किया जाएगा, ताकि वाहनों को मुड़ने में दिक्कत न हो। अंडरपास के आगे और पीछे पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, जिससे कि रात में वाहन चालकों को दृश्यता की समस्या न आए। स्पीड ब्रेकर और रंबल स्ट्रिप भी बनेगी अंडरपास पर दोनों तरफ स्पीड ब्रेकर और आगे की तरफ रंबल स्ट्रीप भी बनाई जाएगी, जिससे कि वाहनों की स्पीड आकर यहां पर कम हो जाए। ऐसे में मोड़ पर वाहनों के टकराने का खतरा नहीं रहेगा। दोनों ही तरफ ट्रैफिक साइनेज लगाए जाएंगे। तीन साल में हो चुकी हैं चार मौत वृंदावन सेक्टर आठ के अंडर पास के पास तीन साल में 15 दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। इन दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो चुकी है और 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो चुके हैं। ट्रैफिक पुलिस ने इस स्थान को ब्लैक स्पॉट के रूप में चिह्नित किया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




