Lucknow News: दिनदहाड़े महिला से जेवर लूटे, बाइक छोड़ भागे बदमाश
Lucknow News: - घटना रविवार दोपहर हरदोईया लाल नगर के पास की - तीन बदमाशों ने इको दिनदहाड़े महिला से जेवर लूटे, बाइक छोड़ भागे बदमाश

Lucknow News: काकोरी थाना क्षेत्र के हरदोईया लाल नगर के पास रविवार दोपहर तीन बदमाशों ने इको कार रोककर महिला से सोने के जेवर लूट लिए। पीड़ित परिवार के पीछा करने पर बदमाश बाइक छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने बाइक कब्जे में लेकर तलाश शुरू कर दी है। गादिनखेड़ा शिवरी निवासी वीरू यादव के मुताबिक, वह रविवार दोपहर करीब तीन बजे ससुराल बाबूरिया खेड़ा से बहन निशा और मां सुनीता (45) के साथ इको कार से घर लौट रहे थे। हरदोईया लाल नगर के पास काले रंग की पल्सर पर सवार तीन बदमाशों ने कार के आगे बाइक लगाकर रोक लिया। आरोप है कि बदमाशों ने सुनीता के गले से सोने की चेन और सोने के वाले छीन लिए। लूट के बाद आरोपी भागने लगे। वीरू ने कार से उनका पीछा किया तो कुछ दूरी पर बदमाश बाइक छोड़कर खेतों की तरफ भाग गए। दिनदहाड़े हुई वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची काकोरी पुलिस ने मौके से पल्सर बाइक बरामद की। पुलिस बाइक के नंबर और चेसिस के आधार पर मालिक की पहचान कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि दोपहर में मुख्य सड़क पर इस तरह की वारदात से सुरक्षा पर चिंता बढ़ गई है。
बाइक से होगी पहचान
पुलिस ने बरामद पल्सर को थाने में खड़ा कराया है। बाइक के रजिस्ट्रेशन और सर्विस रिकॉर्ड से आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है। सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों के हुलिये की पहचान की जा रही है।


