प्रॉपर्टी डीलर के मकान से सात लाख की चोरी
Lucknow News - -पीड़ित रविवार रात परिवार के साथ उन्नाव में भतीजी की शादी में गए थे -पुलिस

काकोरी, संवाददाता। पारा में चोरों ने एक प्रॉपर्टी डीलर के बंद मकान का ताला तोड़कर सात लाख रुपये का माल पार कर दिया। सोमवार सुबह घर आए प्रॉपर्टी डीलर ने मेन गेट का ताला टूटा देखा। घर के अंदर जाकर देखा कि सामान फैला हुआ था। चोरी की सूचना पर पुलिस पहुंची और पीड़ित से पूछताछ कर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। काकोरी मोड़ स्थित सिल्वर सिटी कॉलोनी निवासी अजय कुमार अवस्थी प्रॉपर्टी डीलर है। उन्होंने बताया कि रविवार को वह पत्नी रीना, बेटे अश्विन के साथ भतीजी की शादी में शामिल होने उन्नाव हसनगंज के स्वर्णिम बैंक्वेट हॉल गए थे।
सोमवार सुबह जब वह परिवार के साथ घर लौटे तो मेन गेट का ताला टूटा हुआ था। यह देखकर प्रॉपर्टी डीलर के होश उड़ गए। वह घर के अंदर गए तो देखा कि चोरों ने अलमारी का ताला तोड़कर नगदी समेत लाखों रुपये का जेवर पार कर ले गए। पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। सूचना पर पारा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने पीड़ित से पूछताछ की। वहीं पुलिस ने प्रॉपर्टी डीलर के घर में चोरी के मामले में जांच के लिए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को बुलाया। फॉरेंसिक टीम को प्रॉपर्टी डीलर के घर से कुछ साक्ष्य मिले। उसे एकत्र कर जांच के लिए भेज दिया गया। इंस्पेक्टर सुरेश सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पीड़ित ने बताया कि घर के पास सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। पुलिस ने कैमरे की फुटेज देखी। उसमें दो नकाबपोश दिखाई दिए है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



