ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊबारिश से खुदी सड़कें बनी जानलेवा

बारिश से खुदी सड़कें बनी जानलेवा

बारिश से खुदी सड़कें बनी जानलेवा नगर आयुक्त और महापौर के निरीक्षण के बाद भी

बारिश से खुदी सड़कें बनी जानलेवा
हिन्दुस्तान टीम,लखनऊSun, 14 Aug 2022 10:35 PM
ऐप पर पढ़ें

मेयर और नगर आयुक्त के निरीक्षण के बाद भी चंदरनगर और आशियाना की सड़कों की दशा नहीं सुधरी। रविवार भी यहां सड़कों पर बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर गया। यही हाल आशियाना की सड़कों का भी रहा। महापौर और नगर आयुक्त ने 10 दिन पहले यहां का निरीक्षण किया था। लोगों को उम्मीद थी कि अब सड़कें दुरुस्त होंगी। कम से कम जल निगम ने जो सड़कें खोदी हैं, उन्हें चलने लायक बनाएगा लेकिन अब तक ऐसा कुछ नहीं हुआ। बारिश के बाद रविवार को यहां की सड़कें और खतरनाक हो गई हैं। रोजाना यहां लोग चोटिल हो रहे हैं। मगर नगर निगम और जल निगम को कोई असर नहीं हो रहा है। सबसे ज्यादा शिकायतें नगर आयुक्त और महापौर को आलमबाग से मिली थीं। नगर आयुक्त, मेयर खुद निरीक्षण करने गए थे। जल निगम के अधिकारियों को बुलाया था लेकिन सड़कों की दशा में कोई सुधार नहीं हुआ है।

आशियाना की सड़कों की दुर्दशा जल निगम ने की

आशियाना कॉलोनी की सड़कों की दुर्दशा के लिए जल निगम जिम्मेदार है। करीब 10 महीने से सड़कें खोद रखी है। लेकिन अभी तक बनाया नहीं है। जल निगम का कोई अधिकारी इसकी हाल खबर लेने वाला नहीं है। जबकि इस क्षेत्र में कई वीआईपी व आईएएस अफसर भी रहते हैं। खुद क्षेत्रीय विधायक राजेश्वर सिंह के घर के बगल की सड़क भी लंबे समय से खुदी पड़ी हुई है। सेक्टर आई, सेक्टर जे व सेक्टर एल की तरह की सड़कें भी हैं। चांसलर क्लब के सामने की सड़क भी खुदी पड़ी है। लेकिन जल निगम के अफसरों को नहीं दिख रहा है। दोनों लेन का ट्रैफिक एक ही लेने में चल रहा है। रोजाना लोग दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। स्थानीय निवासी दिनेश कुमार ने बताया कि कोई भी दिन ऐसा नहीं गुजर रहा है जब लोग टकराकर चोटिल न हो रहे हों। जल निगम ने 10 महीने से सड़क खोद रखी है।

चंदरनगर की सड़क पर घुटनों तक भरा पानी

चंदन नगर की सड़कों का बुरा हाल है। यहां की 5 सड़कें बेहद खराब हैं। जिसकी वजह से लोगों का आना-जाना मुश्किल है। यहां भी लोग रोज कीचड़ में गिरकर चोटिल हो रहे हैं। सड़कों पर बहुत बड़े-बड़े गड्ढे हो गए हैं। जिससे लोग परेशान हैं। नगर निगम को यह गड्ढे नहीं दिखाई दे रहे हैं। स्थानीय निवासी व नटखेड़ा रोड युवा व्यापार मंडल के अध्यक्ष मनीष अरोड़ा कहते हैं कि उन्होंने कई बार इसकी शिकायत महापौर से मिलकर की है। कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जबकि यह जगह मेयर के घर के काफी नजदीक है।

शारदा नगर, रुचि खंड, तेलीबाग की दशा भी खराब

शारदा नगर, तेलीबाग क्षेत्र में भी जलभराव की वजह से दिक्कतें हैं। सड़कों पर पानी भरा है। यहां की सड़कें भी खराब हो गई हैं। जिससे लोगों को आने जाने में बहुत दिक्कतें हो रही हैं।

आशियाना की सड़कें 10 माह से जल निगम में खोद रखी हैं। हमने इनके अधिकारियों से भी कई बार बात की है। मगर सड़क के गड्ढे भरने और इसे चलने लायक बनाने के लिए कोई काम नहीं किया गया। जब आला अफसर ध्यान नहीं दे रहे हैं, तब ठेकेदार कहां से काम करेगा। अब तक सड़क बन जानी चाहिए थी।

- श्रीशचंद्र वर्मा, आईएएस, स्थानीय निवासी

यह हिन्दुस्तान अखबार की ऑटेमेटेड न्यूज फीड है, इसे लाइव हिन्दुस्तान की टीम ने संपादित नहीं किया है।
हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें