
अखिलेश को कांग्रेस के साथ नहीं करना चाहिए गठबंधन : आठवले
Lucknow News - - केंद्रीय राज्यमंत्री बोले मोदी विरोध से उबर नहीं पा रहे राहुल - यूपी में
लखनऊ, प्रमुख संवाददाता रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (आरपीआई) आठवले के राष्ट्रीय अध्यक्ष व केंद्रीय समाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री रामदास आठवले ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को नसीहत दी है कि वह कांग्रेस से गठबंधन तोड़ लें। आगे यूपी विधानसभा चुनाव में गठबंधन न करें। कांग्रेस के साथ होने से एसपी को नुकसान हो रहा है। अगर वह अच्छी राजनीति करना चाहते हैं तो कांग्रेस का साथ छोड़ दें। सोमवार को राजधानी स्थिति एक होटल में पत्रकारों से बातचीत में आठवले ने कहा कि संविधान खत्म होने का भय दिखाकर एनडीए की सीटें भले ही राहुल गांधी ने कम कर दीं लेकिन नरेन्द्र मोदी को वह प्रधानमंत्री बनने से नहीं रोक पाए।

भले ही राहुल गांधी विपक्ष के नेता बन गए हों लेकिन मोदी विरोध के कारण वह उबर नहीं पा रहे हैं। ऐसे में बिहार में जिस तरह विपक्ष की करारी हार हुई उसी तरह यूपी में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में होगी। ऐसे में अखिलेश समय रहते कांग्रेस का साथ छोड़ दें तो उनके लिए ठीक रहेगा। वहीं बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के महिला डाक्टर का हिजाब हटाए जाने पर उन्होंने कहा कि जो हुआ वह ठीक नहीं है। मगर नीतीश कुमार की भावना गलत नहीं थी। मुस्लिम समाज अच्छे से उनसे जुड़ा है। आठवले ने कहा कि केंद्र की एनडीए सरकार में उनकी पार्टी घटक दल है। यूपी में अभी उसका एनडीए के साथ गठबंधन नहीं है। ऐसे में अब अगले साल होने वाले पंचायत चुनाव में उनकी पार्टी पूरा दमखम दिखाएगी। उनकी पार्टी अकेले चुनाव लड़ेगी। पांच अप्रैल 2026 को डिफेंस एक्सपो ग्राउंड पर एक लाख लोगों की भीड़ जुटाकर रैली की जाएगी। जब ताकत बढ़ाएंगे तभी यूपी में भी एनडीए गठबंधन करेगा। 62 जिलों में पार्टी की कार्यकारिणी गठित हो गई है और जल्द बाकी जिलों में भी गठित की जाएगी। कार्यक्रम में आरपीआई आठवले के प्रदेश अध्यक्ष पवन भाई गुप्ता भी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




