ट्रेंडिंग न्यूज़

Hindi News उत्तर प्रदेश लखनऊचेन्नई से निकलेगी राम मन्दिर निर्माण संकल्प यात्रा

चेन्नई से निकलेगी राम मन्दिर निर्माण संकल्प यात्रा

अखिल भारत हिन्दू महासभा ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर मन्दिर निर्माण के लिये चेन्नई से अयोध्या तक संकल्प यात्रा निकालने की घोषणा की है। इस सम्बन्ध में एक प्रस्ताव हिन्दू महासभा  की...

चेन्नई से निकलेगी राम मन्दिर निर्माण संकल्प यात्रा
हिन्दुस्तान संवाद , अयोध्या Fri, 21 Dec 2018 06:50 PM
ऐप पर पढ़ें

अखिल भारत हिन्दू महासभा ने अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि पर मन्दिर निर्माण के लिये चेन्नई से अयोध्या तक संकल्प यात्रा निकालने की घोषणा की है। इस सम्बन्ध में एक प्रस्ताव हिन्दू महासभा  की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की केरल में आयोजित बैठक में पारित  हुआ है। चेन्नई से यह यात्रा सात जनवरी से आरम्भ होगी और नौ जनवरी को अयोध्या पहुंचेगी। अयोध्या में हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी और हिन्दू महासभा के प्रदेश अध्यक्ष पीयूष कांत वर्मा  संकल्प यात्रा में शामिल होकर सभी रामभक्तों का अभिनन्दन करेंगे।
यह जानकारी हिन्दू महासभा के जिलाध्यक्ष राकेश दत्त मिश्र ने दी है। श्री मिश्र ने बताया कि  संकल्प यात्रा  सात जनवरी को राष्ट्रीय मंत्री आत्माराम तिवारी, तमिलनाडु प्रदेश अध्यक्ष रमेश बाबू और केरल प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में आरंभ होगी। संकल्प यात्रा को ‘भगवान हनुमान छतरी यात्रा ’ का नाम दिया गया है। चेन्नई में यात्रा का सूत्रपात पांच जनवरी से होगा। पांच जनवरी को कन्याकुमारी से  जल लाकर दक्षिण काशी में पूजा की जाएगी। पण्डित आत्माराम तिवारी वैदिक मन्त्रोच्चार से जल को पवित्र करेंगे। भगवान हनुमान की छतरी और मन्त्रोच्चारित पवित्र जल के साथ दक्षिण भारत के 50 हिन्दू महासभा कार्यकर्ता सात जनवरी को चेन्नई से रेलमार्ग से अयोध्या के लिये प्रस्थान करेंगे। नौ जनवरी को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रविन्द्र कुमार द्विवेदी के नेतृत्व में अयोध्या में सभी का वैदिक रीति से स्वागत होगा।
श्री मिश्र ने बताया कि  यात्रा सबसे पहले नैमिषारण्य पहुंचेगी।  वहां हिन्दू महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामानुज व्रतधर जीयर स्वामी त्रिदंडी महाराज को उनके आश्रम में  छतरी समर्पित की जाएगी। इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष के नेतृत्व में यात्रा वापस अयोध्या पहुंचेगी। 10 जनवरी को अयोध्या में  परमहंस श्रीरामदास सेवा संस्थान ट्रस्ट, श्री राम महल वैदेही भवन जानकीघाट से संकल्प  यात्रा स्वामी त्रिदंडी महाराज के नेतृत्व में आरंभ होगी और  हनुमानगढ़ी में कन्याकुमारी से लाये गए मन्त्रोच्चारित जल से भगवान हनुमान का जलाभिषेक किया जाएगा। जलाभिषेक के पश्चात हनुमानगढ़ी के महन्त ज्ञान दास  और गद्दीनशीन प्रेमदास को हनुमान जी की छतरी समर्पित  की जाएगी। छतरी समर्पित करने के बाद श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मन्दिर निर्माण का कार्य संवारने के लिए सुन्दर काण्ड का पाठ कर भगवान हनुमान से आह्वान किया जाएगा। प्रसाद वितरण के बाद श्रीराम जन्मभूमि पर राम लला विराजमान के दर्शन कर भगवान हनुमान की प्रेरणा से मन्दिर निर्माण का संकल्प लिया जाएगा।

हिन्दुस्तान का वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें